महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी पीजी) के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया एक फरवरी तक चलेगी। स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी इस प्रवेश परीक्षा के लिए एक फरवरी तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप युवाओं के अध्ययन-अध्यापन, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास व रोजगार सृजन की दिशा में प्रयासरत है। सीयूईटी के नोडल अधिकारी डॉ. तेजपाल ढेवा ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के माध्यम से स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक फरवरी तक चलेगी। इस परीक्षा के आधार पर ही विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिले करेगा। सत्र 2025-26 में कुल 41 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। जिनके दाखिले सीयूईटी 2025 (पीजी) परीक्षा के माध्यम से होंगे। ऑनलाइन आवेदन व अन्य विवरण के लिए हकेंवी की वेबसाइट पर लॉगिन कर सकते हैं।