फोटो संख्या:62- हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़--स्रोत- हकेंवि
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उपलब्ध स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में विश्वविद्यालय संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी) यूजी के तहत ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया तीन जनवरी से शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय में स्नातक कार्यक्रमों में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी प्रवेश परीक्षा के लिए 30 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने नए सत्र में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को आमंत्रित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप युवाओं के अध्ययन-अध्यापन, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास व रोजगार सृजन की दिशा में प्रयासरत है।
कुलसचिव प्रो. सुनील कुमार ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के माध्यम से स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले हेतु विभिन्न विश्वविद्यालयों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
इसके तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जनवरी तक चलेगी। इस परीक्षा के आधार पर ही विश्वविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले करेगा।
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 में सीयूईटी के अंतर्गत कुल सात स्नातक पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। ऑनलाइन आवेदन व अन्य विवरण के लिए हकेंवि की वेबसाइट पर लॉगइन करें।