नारनौल। श्री आदर्श सनातन धर्म ड्रामेटिकल क्लब के कार्यकारी अध्यक्ष केशव संघी एडवोकेट व क्लब के संरक्षक किशन चौधरी एडवोकेट ने एक संयुक्त प्रेस नोट जारी कर बताया कि विजय दशमी पर्व पर भगवान श्री राम के भव्य विजय जुलूस का आयोजन किया जाएगा। इस बार विजय जुलूस का संयोजक प्रवीण संघी को बनाया गया है।
प्रवीण संघी ने बताया कि शोभा सागर पर ग्रीन पटाखे, रंग बिरंगी लाइट्स, बड़ा स्टेज व हजारों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। विजय जुलूस का शुभारंभ विजय दशमी के दिन सायं 4:00 बजे पुल बाजार से किया जाएगा व शोभा सागर तालाब स्थित युद्ध स्थल पर पहुंचेगा।
जुलूस में सबसे आगे अलवर का प्रसिद्ध अखाड़ा होगा जिसमें 51 सदस्य अपने गदका कौशल व शौर्य का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाइ भगवान सूर्यनारायण का विग्रह स्वरूप रथ पर सवार होगा। उसके पीछे एक बग्गी में भगवान राम के सहयोगी नल, नील, अंगद, सुग्रीव, जांबवंत सवार होंगे।
तीसरे रथ में राजा राम, लक्ष्मण और हनुमान युद्ध स्थल की ओर प्रस्थान करते हुए दिखाई देंगे, जबकि अंत में लंकापति रावण युद्ध की ओर कूच करेगा। जुलूस में दिल्ली की प्रसिद्ध ताशा पार्टी, ढोल-नगाड़े, नाचने वाली बग्गियां, आकर्षक झांकियां व राजस्थान का मशहूर नागिन बैंड मुख्य आकर्षण के केंद्र होंगे।