नारनौल। जिला बार एसोसिएशन नारनौल के चुनाव के लिए नामांकन का शुक्रवार अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन ऑडिटर, लाइब्रेरियन व उप-प्रधान पद के लिए एक-एक नामांकन आया है। इस प्रकार इन पदों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया, जबकि दो नामांकन सह सचिव व एक नामांकन सचिव पद के लिए आया। इस प्रकार अंतिम दिन 6 नामांकन आए।
ऑडिटर, लाइब्रेरियन व उप-प्रधान पद पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद अब प्रधान, सचिव, सह सचिव व कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवार चुनाव मैदान है। शनिवार को नामांकनों की छंटनी की जाएगी तथा चार दिसंबर को उम्मीदवार नामांकन वापसी ले सकते हैं। ऐसे में नामांकन वापसी की तिथि समाप्त होने के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी की किन-किन पदों पर चुनाव होंगे।
जिला बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी रविंद्र सिंह यादव एडवोकेट ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन रहा। अंतिम दिन सचिव, उपप्रधान, सह सचिव, ऑडिटर व लाइब्रेरियन पदों के लिए नामांकन आए। इसमें लाइब्रेरियन, ऑडिटर व उप-प्रधान पद के लिए एक-एक नामांकन आया, जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इनमें लाइब्रेरियन के लिए कार्तिक यादव, ऑडिटर के लिए सुजान सिंह, उप प्रधान के लिए विनय कुमार शामिल रहे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि शनिवार को नामांकनों की छंटनी की जाएगी। वहीं 4 दिसंबर को उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। चुनाव में जिला बार एसोसिएशन नारनौल के 755 सदस्य मतदान करेंगे। चुनाव में एआरओ के तौर पर रामजीलाल यादव एडवोकेट एवं रंधावा सिंह एडवोकेट मौजूद रहेंगे।
सबसे अधिक सचिव पदों के लिए आए तीन नामांकन
चुनाव अधिकारी ने बताया कि अंतिम तक सबसे अधिक तीन नामांकन सचिव के लिए आए है। सचिव पद के लिए सुमित चौधरी, हेमंत शर्मा व पंकज किरोड़ीवाल ने नामांकन किया है। वहीं प्रधान पद के लिए मंजीत कुमार व संतोख कुमार, सह सचिव के लिए दीपक संघी व अश्वनी सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए नरेश चंद संघी व विपिन कुमार चुनाव मैदान में है। वहीं उपप्रधान के लिए विनय कुमार, ऑडिटर के लिए सुजान सिंह तथा लाइब्रेरियन के लिए कार्तिक यादव ने नामांकन किया, जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित किया गया।