महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ में पहली बार बुधवार को महेंद्रगढ़ स्थित राजकीय महाविद्यालय के सभागार में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। इसमें समिति के सदस्यों ने सहकारिता मंत्री मंत्री अरविंद शर्मा से कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याएं नहीं सुनते हैं। कष्ट निवारण समिति सदस्यों की भी सुनवाई नहीं की जाती है।
कहा कि अधिकारियों को बार-बार कॉल करने के बावजूद भी कॉल रिसीव नहीं करते हैं। इस पर सहकारिता मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिदिन सुबह 11 से 12 बजे तक अधिकारी कार्यालय में आमजन की समस्या सुनेंगे। 1:40 से करीब 3 बजे तक चली बैठक में 10 शिकायतें सुनी गईं। इसमें से दो का मौके पर ही समाधान किया गया।
सहकारिता मंत्री मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि आमजन की शिकायतों को नजरअंदाज करना स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारी समस्याओं के निवारण की दिशा में कार्रवाई कर उन्हें राहत प्रदान करें। एक दूरभाष नंबर भी जारी किया जाए, जिस पर सभी मनोनीत सदस्य फोन करके अपनी समस्या बता सकें।
महेंद्रगढ़ जिले की स्वच्छता को बनाए रखने और इसे निरंतर बेहतर बनाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष व कष्ट निवारण समिति सदस्य निगरानी रखें। नगर परिषद और पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शहर व गांव की सफाई व्यवस्था को मजबूत करें। बैठक में विधायक ओमप्रकाश यादव, उपायुक्त डॉ. विवेक भारती, पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अटेली सीताराम यादव, अतिरिक्त उपायुक्त सुशील कुमार, डीएमसी रणबीर सिंह, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव, उपमंडल अधिकारी कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह, उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़ अनिल कुमार यादव, उपमंड अधिकारी नारनौल रमित यादव, उपमंडल अधिकारी नांगल चौधरी उदय सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, डीएसपी दिनेश कुमार, जीएम रोडवेज मनोज कुमार, डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल, डीआरओ राकेश कुमार, तहसीलदार अजय कुमार, नायब तहसीलदार निशा आदि उपस्थित रहीं।
इंसेट
- यह रखी गईं समस्याएं
बैठक में महेंद्रगढ़ की राम विहार कॉलोनीवासियों की पेयजल व सीवर की समस्या पर सहकारिता मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को जल्द एस्टीमेट तैयार कर समस्या के स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। कष्ट निवारण समिति के सदस्यों द्वारा रखी गई स्वच्छता की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम आयुक्त को शिकायत के संदर्भ में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।