महेंद्रगढ़। नगर पालिका की ओर से शुरू किए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में बुधवार को दुकानों के बाहर लगाए गए टिनशेड व अतिक्रमण को हटाया गया। नगर पालिका की ओर से इस बार अभियान के दौरान सख्ती की गई जिसके बाद कुछ लोगों ने टीम का विरोध किया। इस बार नपा के अधिकारियों एवं पूरी टीम मैदान में आ गई।
अभियान के दूसरे दिन आईटीआई राेड से राव तुलाराम चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के तहत नगर पालिका कर्मचारियों ने राव तुलाराम चौक से हुड्डा पार्क तक दुकानों के बाहर लगाए गए टिनशेड को भी बुलडोजर की सहायता से उखाड़ दिया। बस स्टैंड के बाहर फल वालों की रहड़ियों व दुकानों को हटवाया गया। पालिका कर्मचारियों ने दोपहर दो बजे अभियान शुरू किया। अभियान नगर पालिका गेट से शुरू होकर शॉपिंग कॉम्पलेक्स, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आईटीआई रोड, बस स्टैंड रोड, हुड्डा पार्क तक अतिक्रमण चलाया गया। अभियान में 15 नगर पालिका कर्मचारी व पांच ट्रैक्टर ट्रॉली तथा जेसीबी के साथ उतरी। शाम 5:30 बजे तक अभियान जारी रहा।
उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर नगर पालिका सचिव प्रशांत को शहर में अतिक्रमण हटाने व शहर में सौंदर्यकरण को बढ़ावा देने को कहा गया है। सचिव प्रशांत परासर ने कर्मचारियों को आदेश दिया कि बस स्टैंड के सामने व बाहर सभी रहेड़ियों को हटाकर यहां से खाली करवाया जाए। जिम्मेदारों का दावा है कि अब तेजी से अभियान जारी रहेगा।
- सचिव व दुकानदारों के बीच हुई कहासुनी:
नगर पालिका की ओर से बुधवार को अभियान के तहत दुकानों के बाहर लगी टीनशैड व बस स्टैंड के गेट पर लगी रेहड़ियों को हटाया गया। इस अभियान के तहत चार से पांच बार दुकानदारों व नगर पालिका सचिव प्रशांत के मध्य कहासुनी हुई। दुकानदारों ने सचिव से कहा हमें न तो टीनशेड हटाने के नोटिस मिला और न ही कोई मुनादी करवाई गई है। फिर भी हमारे टीन शेड को हटाया जा रहा है। दुकानदारों ने टीन शेड हटाने के लिए दो दिन समय मांगा गया था। सचिव ने दुकानदारों को कहा नोटिस व मुनादी कई बार की जा चुकी है। लेकिन अभी तक इस किसी दुकानदारों ने टीनशेड नहीं हटाया है। नोकझोंक के दौरान सचिव ने दुकानदारों को सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया है।
-
- सामान को पहुंचाया डंपिंग यार्ड में:
नगर पालिका के कर्मचारियों ने अभियान के तहत जब्त किए गए सामान को मोदाश्रम मंदिर के पास डंपिंग यार्ड में पहुंचाया। नपा कर्मचारियों की ओर से कैरेट, रेहड़ी, फ्लैक्स बोर्ड, बैंच, लोहे की सीढ़ी सहित अन्य सामान को जब्त किया गया। कर्मचारियों ने पांच ट्रैक्टर ट्रॉली की मदद से सभी सामान को मोदाश्रम के पास डंपिग यार्ड में पहुंचाया।