फोटो नंबर-16महेंद्रगढ़ रोड पर फैली गंदगी को उठवाने के आदेश देते एडीसी आनंद शर्मा।
नारनौल। स्वच्छता सर्वेक्षण का समय नजदीक आते ही नगर परिषद प्रशासन ने भी सख्त रूप अपनाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जिला नगर आयुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त आनंद शर्मा ने शहर में जहां-जहां कूड़ा डाला जाता है, उन स्थानों का निरीक्षण किया।
उन्होंने दो लोगों को सड़क पर कूड़ा डालते हुए भी पकड़ा। उनका वहीं चालान कटवाया। डीएमसी ने बताया कि एक सप्ताह में नारनौल शहर में 29 और महेंद्रगढ़ शहर में 20 लोगों के चालान काटे गए हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। डीएमसी सुबह सात बजे से पहले ही शहर का निरीक्षण करने के लिए निकले। सबसे पहले उन्होंने महेंद्रगढ़ रोड पर नसीबपुर जेठू बाबा मंदिर तक निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क के किनारों पर पड़े कूड़े को साफ करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सिंघाना रोड, निजामपुर रोड, रेवाड़ी रोड तथा नारनौल शहर के विभिन्न वार्डों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नागरिक अस्पताल के सामने खाली जगह की सफाई करवाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अब भविष्य में यहां पर कूड़ा डालने वालों का चालान किया जाए। डीएमसी जब निरीक्षण कर वापस आ रहे थे तो थाना शहर के पास एक दुकानदार नवनिर्मित रोड के डिवाइडर पर कूड़ा डाल रहा था। इस पर डीएमसी ने वहीं उसका चालान करवाया। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में अगर दोबारा कूड़ा डाला तो जुर्माना के साथ-साथ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
इंसेट
आज से स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होगा
डीएमसी ने बताया कि अब 15 फरवरी से स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नारनौल को 8 जोन में बांटा गया है। सभी 31 वार्डों में डोर टू डोर कलेक्शन जीपीएस युक्त वाहन चल रहे हैं।
इंसेट
दस डंपिंग पॉइंटपर लगेंगे सीसीटीवी
नगर परिषद के जेई विकास शर्मा ने बताया कि सड़कों पर कूड़ा डालने वालों को पकड़ने के लिए करीब दस डंपिंग पॉइंट पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाने की योजना बनाई गई। इन डंपिंग पॉइंट पर कूड़ा डालते हुए जिसकी भी फोटो आएगी उसका चालान काटा जाएगा। उन्होंने बताया कि आमजन भी अगर कोई सड़क पर कूड़ा डालते हुए फोटो नगर परिषद कार्यालय में भेजेगा तो उसके आधार पर उस व्यक्ति का चालान किया जाएगा।