महेंद्रगढ़। नगरपालिका प्रशासन शहर में आधुनिक एड्रेसिंग सिस्टम विकसित करने की योजना तैयार कर रही है। इसके तहत डिजिटल मैपिंग के आधार पर प्रत्येक मकान, दुकान पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे जिसे स्कैन कर एड्रेस को ट्रैक किया जा सकेगा। इससे आपात समय में सहायता पहुंचाना आसान होगा।
देश के किसी भी कोने में इस क्यूआर कोड का प्रयोग कर एड्रेस को ट्रैक किया जा सकेगा। इस सिस्टम के तहत मकान, दुकान, गली, वार्ड, प्रमुख प्रतिष्ठान, बाजार व सड़कों को यूनिट क्यूआर कोड दिया जाएगा।
प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, कॉलोनी एवं गलियों में गली नंबर, मकान नंबर और डिजिटल मैपिंग क्यूआर कोड आधारित एड्रेस सिस्टम लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे कोई भी नागरिक आपात समय में क्यूआर कोर्ड का प्रयोग कर सहायता ले सकता है।
नगरपालिका के प्रधान रमेश सैनी ने बताया कि वर्तमान में शहर के कई क्षेत्रों में स्पष्ट गली एवं मकान नंबर न होने के कारण आमजन, डाक वितरण, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
नई व्यवस्था के लागू होने से न केवल नागरिकों को सुविधा मिलेगी बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी एवं पारदर्शिता आएगी। इस योजना के तहत शहर के सभी वार्डों में डोर-टू-डोर सर्वे करवाया जाएगा। प्रत्येक घर एवं संस्थान का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
इसके बाद सभी गलियों को मानकीकृत गली नंबर दिए जाएंगे। साथ ही शहर के प्रत्येक मकान, दुकान को व्यवस्थित रूप से हाउस नंबर आवंटित किए जाएंगे। प्रमुख स्थानों एवं गलियों के प्रवेश द्वार पर स्पष्ट एवं टिकाऊ सांकेतिक बोर्ड भी लगाए जाएंगे जिसपर यह क्यूआर कोर्ड अंकित होगा।
क्यूआर कोड के साथ मिलेगी यूनिक आईडी
योजना के तहत प्रत्येक मकान एवं प्रतिष्ठान को क्यूआर कोड आधारित यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी। इस आईडी को स्कैन करने पर संबंधित पते एवं लोकेशन की पूरी जानकारी प्राप्त होगी। पूरे शहर की जीआईएस आधारित डिजिटल मैपिंग कर एक एकीकृत एड्रेस सिस्टम विकसित किया जाएगा। इसके क्रियान्वयन के लिए हरियाणा सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त आईटी एजेंसियों या अन्य सक्षम एजेंसियों का चयन किया जाएगा। नगरपालिका प्रशासन ने इस योजना को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समय में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरपालिका ने नागरिकों से सर्वे के दौरान सहयोग की अपील की है।
- वर्जन:
इस आधुनिक तकनीक से तैयार होने वाले एड्रेसिंग सिस्टम से मूलभूत सुविधाओं के दायरे में विस्तार होगा। क्यूआर कोड भेजने के बाद ट्रेकिंग करना आसान होगा। किसी भी आपात स्थिति में सहायता भी शीघ्रता से मुहैया कराई जा सकेगी। इस योजना को करीब छह माह के समय में धरातल पर उतारा जाएगा।- रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:53 शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय। संवाद