नारनौल। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से फार्म-6 जमा नहीं करने वाले निजी स्कूलों को नोटिस जारी करने की तैयारी की गई है। विभाग ऐसे 28 निजी स्कूलों की सूची तैयार की है, जिन्होंने अब तक निर्धारित जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध नहीं करवाई है।
जिले में कुल 257 निजी स्कूलों से कक्षा-वार फीस का विवरण मांगा गया था लेकिन इनमें से 28 स्कूल अभी भी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली पर रोक लगाने के उद्देश्य से फार्म-6 भरना अनिवार्य किया गया है।
इसके तहत प्रत्येक स्कूल को अपनी फीस संरचना का पूरा विवरण ऑनलाइन देना जरूरी है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
कई निजी स्कूल ट्यूशन फीस के अलावा विभिन्न सुविधाओं के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूल रहे हैं, जिससे अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटी कक्षाओं में भी भारी फीस ली जा रही है।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित स्कूलों को तुरंत नोटिस जारी करें। साथ ही इन स्कूलों को 5 अप्रैल तक हर हाल में फार्म-6 भरने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा विभाग द्वारा आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन:
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को फार्म 6 जमा नहीं करने वाले निजी विद्यालयों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसे लेकर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक 6 अप्रैल बुलाई गई है। इसके बाद भी जानकारी नहीं देने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-विश्वेश्वर कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी, नारनौल।