सतनाली। सतनाली खंड में संचालित जनगणना कार्य की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्पष्ट रूप से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी परिवार या व्यक्ति सर्वेक्षण से वंचित न रह जाए। कर्मियों को निर्देश दिए कि डेटा संग्रहण के दौरान पूर्ण सटीकता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
इसमें किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है। बैठक में खंड के सभी जनगणना सुपरवाइजर, सरपंच, प्रतिनिधि, ग्राम सचिव, चौकीदार व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बैठक के दौरान एसडीएम योगेश सैनी ने बताया कि 1 मई से 30 मई तक चलने वाला जनगणना (हाउस लिस्टिंग) कार्य व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से प्रगति पर है। उन्होंने इस कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी टीमों की ओर से समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जा रहा है जो सराहनीय है।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हो व किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। एसडीएम ने सभी सुपरवाइजर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना कार्य की नियमित एवं सतत निगरानी रखें।
सहायक चार्ज अधिकारी राजेश शर्मा झाड़ली ने बताया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। सभी कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान किए गए हैं व समय-समय पर उनकी मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि कार्य निर्धारित समय में एवं त्रुटिरहित रूप से पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर बीडीपीओ सतनाली मनोज कुमार, दीपक कुमार शर्मा, हरीश रोहिल्ला, प्रवक्ता सतन सिंह, प्रवक्ता ओमवीर, प्रवक्ता सुनील शर्मा, प्रवक्ता सुनील शर्मा सतनाली सहित मौजूद रहे।