नारनौल। नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (एनएमएमएस) परीक्षा 2025 का परिणाम एससीइआरटी हरियाणा गुरुग्राम द्वारा घोषित कर दिया गया है। राज्य स्तर गीत माहलावत ने प्रथम तथा पार्थिव सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
इसमें हरियाणा के 22 जिलों से कुल 2337 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इसमें जिला महेंद्रगढ़ के 83 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। जिला नोडल अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित शर्तों के अनुसार कक्षा 9 से 12 तक 12,000 रुपये प्रतिवर्ष के हिसाब से कुल 48,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
यह छात्रवृत्ति उन्हीं को मिलेगी जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 3,50,000 से कम है तथा वे सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत रहते हैं। विद्यालय प्रमुखों को निर्देश हैं कि यदि कोई चयनित विद्यार्थी स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) लेता है तो प्रमाण पत्र पर यह उल्लेख अवश्य किया जाए कि विद्यार्थी ने एनएमएमएस परीक्षा 2025 उत्तीर्ण की है।
सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि चयनित विद्यार्थियों का डाटा जून-जुलाई में एनएसपी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। गौरतलब है कि एनएमएमएस परीक्षा का आयोजन 30 नवंबर 2025 को किया गया था।
यह योजना शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रायोजित है और सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 8 के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जाती है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अध्यापकों, विद्यालय प्रमुखों और खंड शिक्षा अधिकारियों को भी श्रेय दिया।