फोटो-69 शहर के थोक विक्रेता से सामान खरीदते ग्राहक। संवाद
महेंद्रगढ़। निर्जला एकादशी के अवसर पर शहर में धार्मिक आस्था के साथ व्यापारिक गतिविधियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बढ़ती गर्मी और सेवा भाव से प्रेरित होकर लोगों ने जगह-जगह छबीलें लगाईं। इसके चलते डिस्पोजल सामग्री और शरबत की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
थोक बाजार से जुड़े कारोबारियों ने बताया कि निर्जला एकादशी के अवसर पर केवल डिस्पोजल सामग्री की बिक्री करीब 30 हजार रुपये तक पहुंच गई जबकि शरबत की बिक्री लगभग 20 हजार रुपये दर्ज की गई।
शहर के प्रमुख चौराहों, मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे रोड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से ठंडा शरबत और पेयजल पिलाए गए। शहरभर में लगे छबीलों के कारण बाजारों में पिछले पांच दिनों से लगातार खरीदारी का माहौल बना रहा।
दुकानदार आशीष गोयल, अजय और सोहनलाल ने बताया कि इस बार निर्जला एकादशी को लेकर संगठनों ने बड़ी मात्रा में डिस्पोजल गिलास, कटोरी, प्लेट और विभिन्न प्रकार के शरबत खरीदे। गर्मी अधिक होने के कारण इन वस्तुओं की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई।
व्यापारियों के अनुसार लोगों ने निर्जला एकादशी से पहले ही छबील लगाने की तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसी वजह से बाजार में लगातार रौनक बनी रही और थोक दुकानों से बड़ी मात्रा में सामान की आपूर्ति की गई। शहर की करीब 10 थोक दुकानों से सेवा शिविरों के लिए आवश्यक सामग्री खरीदी गई।