फोटो 07 पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। पुलिस
नारनौल। सीआईए टीम ने नसीबपुर क्षेत्र में हुई जानलेवा वारदात में 9 आरोपियों निखिल, प्रवीन, कुलदीप, रक्षक, संदीप, सचिन, नरेश, महेश और प्रवीण को गिरफ्तार किया है। इन्होंने 17 दिसंबर की शाम नसीबपुर में विक्रांत पर जानलेवा हमला किया गया था।
उप पुलिस अधीक्षक भारत भूषण ने बताया कि आरोपियों ने युवक पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया था और उसे मरा हुआ समझकर और दहशत फैलाने के उद्देश्य से मौके पर एक मैगजीन छोड़कर बोलेरो कैंपर और बाइक पर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सीआईए को जांच सौंपी जिन्होंने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया तंत्र का प्रयोग करते हुए कुछ ही समय में वारदात में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपी महेश और प्रवीण वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग में शामिल थे। मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों से वारदात में प्रयोग किए गए डंडे, लोहे की पाइप और बोलेरो गाड़ी बरामद की है। अभी तक की जांच में सामने आया है कि वारदात में गोली नहीं चली। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस की गिरफ्त में आए इन 9 आरोपियों में से अधिकांश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। बाछोद के महेश पर पहले से ही हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा सिहोर के अजय पर हत्या, अपहरण और दंगे भड़काने के कई मामले हैं। मौहल्ला रावका के निखिल, खुडाना के प्रवीन, सिहोर के कुलदीप और रक्षक पर लूट, मारपीट और अन्य मामले दर्ज हैं।