सीआईए पुलिस नारनौल द्वारा चोरी की बाइक पर अवैध हथियार ले जाते पकड़े गए दो आरोपियों से पुलिस ने अब 9 बाइकें बरामद की हैं। वहीं आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य एक साथी का नाम भी बताया। जिसे सीआईए पुलिस ने मंगलवार को नांगल चौधरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जिसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है। आरोपी को बुधवार न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि सीआईए पुलिस ने गत दिनों मुखबिर की सूचना मिली थी कि 2 युवक चोरी की बाइक पर अवैध हथियार सहित अटेली की तरफ से नारनौल आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने गंदा नाला रेवाड़ी रोड पर नाकाबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया था। जिनके पास से चोरी की बाइक व एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया था। जिनके खिलाफ शहर थाना नारनौल में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों से चोरी की 9 बाइक बरामद की गई हैं। वहीं आरोपी सचिन ने रिमांड के दौरान अपने साथी संजय निवासी मांढा थाना तिजारा अलवर का नाम बताया। जिसे सीआईए ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा भी बरामद किया है। आरोपी को बुधवार को नारनौल न्यायालय में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।