फोटो 20 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बना कमरे का दृश्य।संवाद
नांगल चौधरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण को लेकर चल रही प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन का रास्ता लगभग साफ हो चुका है। हालांकि, अंतिम स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
संशोधित फाउंडेशन डिजाइन तैयार कर एस्टीमेट के साथ करीब एक माह पहले चंडीगढ़ मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले तैयार योजना में कुछ तकनीकी बदलाव आवश्यक पाए गए थे जिसके चलते फाउंडेशन डिजाइन को दोबारा संशोधित करना पड़ा। अब नई डिजाइन के आधार पर सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रस्ताव भेज दिया गया है।
नए भवन का निर्माण गुणवत्ता, ईबीसी और फायर सेफ्टी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के कारण प्रक्रिया में थोड़ी देरी जरूर हुई है, लेकिन इससे भवन की मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्रस्तावित भवन में मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
26 मई 1967 को स्थापित हुआ सीएचसी भवन की स्थिति वर्तमान में जर्जर हो चुकी है। कई कमरों की छतों से पानी टपकता है और कुछ स्थानों पर प्लास्टर भी गिर चुका है। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। इस भवन को करीब पांच साल पहले कंडम घोषित किया जा चुका है।
यह स्वास्थ्य केंद्र करीब 90 गांवों को सेवाएं प्रदान करता है। क्षेत्र में 7 पीएचसी और 27 उप-स्वास्थ्य केंद्र भी संचालित हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नए भवन के निर्माण से स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। फिलहाल सभी की नजर चंडीगढ़ से मिलने वाली मंजूरी पर टिकी हुई है।
वर्जन:
पहले भेजे हुए फाउंडेशन डिजाइन को संशोधित किया गया था जिसके बाद डिटेल एस्टीमेट के साथ करीब एक माह पहले चंडीगढ़ मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेजा था। अब स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-नरेंद्र सिंह, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी नारनौल