नारनौल। नववर्ष के आगमन पर 31 दिसंबर की रात को शहरवासियों ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। वहीं शराब के शौकीन भी खुशी मनाने से पीछे नहीं रहे। ये लोग करीब एक करोड़ की शराब गटक गए।
बता दें कि कुछ वर्षों से युवाओं को शराब का सेवन कर नए साल का जश्न मनाते हुए देखा जा रहा है। युवा रातभर जाग कर होटलों में पार्टी भी करते हैं। आबकारी विभाग ने बताया कि 31 दिसंबर की रात को पूरे जिले में देशी शराब की 1600 पेटी की बिक्री हुई। इनकी कीमत 38,40,000 रुपये रही। इसी प्रकार अंग्रेजी शराब की कुल 900 पेटियां बेची गईं। इनकी कीमत 59,40,000 रुपये रही। इस प्रकार केवल एक रात में पूरे जिले में करीब एक करोड़ की शराब बेची गई।
आम दिनों में देसी शराब की 1 हजार से 1100 पेटियां और अंग्रेजी शराब की 550 से 600 पेटियाें की बिक्री होती है। इनकी कीमत क्रमश: 26,40,000 व 39,60,000 रुपये यानी 66 लाख रुपये के करीब रहती है।
वर्जन
आमजन से अपील है कि शराब लाइसेंसधारी ठेके से ही खरीदें। कोई व्यक्ति चोरी छुपे बेच रहा है तो उससे शराब न खरीदें, क्योंकि ये स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो सकती है। इसके अलावा यदि कोई अवैध रूप से शराब बेच रहा है तो उसकी सूचना विभाग को दें।-अनिल शर्मा, आयुक्त, जिला आबकारी एवं कराधान विभाग, नारनौल।