गोद बलाहा (नारनौल)। दो हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। मंगलवार रात और बुधवार अल सुबह हुए हादसों के बाद तीन लोगों को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। अन्य घायलों का नारनौल के नागरिक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। मृतक युवक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पहला हादसा मंगलवार शाम को गांव गोद बलाहा के पास हुआ। गोद गांव के दो युवक 22 वर्षीय विकास पुत्र अमर सिंह और इसी गांव का 20 वर्षीय अजय पुत्र भूप सिंह स्कूटी पर सवार होकर राजस्थान के गांव गुत्ती जा रहे थे। अभी वे गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर ही पहुंचे थे की एक नीलगाय उनके सामने आ गई। नीलगाय के टकराने से दोनों युवक स्कूटी से नीचे गिर गए। इससे दोनों घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों में शामिल युवक विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय की गंभीर अवस्था के चलते पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। दूसरा हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव गहली के पास हुआ। यहां अलवर से श्रीगंगानगर जा रही राजस्थान रोडवेज की बस ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में छह लोग घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
टैंपो बचाने के चक्कर में हुआ हादसाराजस्थान रोडवेज का एक्सीडेंट बच्चों के टैंपो को बचाने के चक्कर में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गहली से आगे स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेकर एक टाटा मैजिक निकली थी। जिसको बचाने के चक्कर में रोड पर जा रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके कारण ट्रक के पीछे चल रही रोडवेज की बस ने बस सीधे ट्रक में ठोक दी। जिसके कारण बस में बैठी सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई।
ये हुए घायलइस हादसे में अलवर के गांव जैनपुर वासी 70 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र थांवरराम, नारनौल के कैलाश नगर निवासी 34 वर्षीय शेर सिंह पुत्र बलबीर सिंह, अलवर के गांव डाडरिया निवासी 40 वर्षीय गीता देवी पत्नी भीम सिंह, गांव बिरकल निवासी 35 वर्षीय सुनीता पत्नी प्रदीप, भौलिया निवासी सांवर पुत्र श्योनारायण व 29 वर्षीय अलवर निवासी अशोक पुत्र जगराम शामिल हैं। इनमें से रामस्वरूप व गीता देवी को आगामी उपचार के लिए रोहतक रेफर कर दिया गया।