नारनौल के अटेली विधान सभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधायक आरती राव राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ी हैं। नव निर्वाचित विधायक आरती राव अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी रही है। आरती राव ने 2001 तथा 2012 में शूटिंग वर्ल्ड कप में भाग लिया तथा चार बार एशियन चैंपियन में मेडल जीते। आरती ने 2017 में खेलों से संन्यास ले लिया और उसके बाद से राजनीति में रुचि ले रही हैं। हरियाणा विधान सभा चुनाव 2024 में आरती राव ने अटेली विधान सभा से पहली बार चुनाव लड़ा और एक कड़े मुकाबले में बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ठाकुर अतरलाल को 3000 मतों से शिकस्त देकर विधायक चुनी गई हैं।
आरती राव के दादा राव बिरेंद्र सिंह एवं पिता राव इंद्रजीत सिंह का हरियाणा एवं केंद्रीय राजनीति से गहरा जुड़ाव रहा है। राव बिरेंद्र सिंह वर्ष 1967 में विशाल हरियाणा पार्टी से पटौदी से विधायक बने और लगभग आठ महीने हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे। तत्पश्चात 1980 में इंदिरा गांधी सरकार में कृषि एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे, जबकि आरती राव के पिता राव इंद्रजीत सिंह 6 बार लोकसभा चुनाव जीतकर केंद्रीय मंत्री के रूप में राजनीति में सक्रिय हैं। कांग्रेस अथवा भाजपा दोनों की पार्टियों के बैनर तले उनका दक्षिण हरियाणा की राजनीति में बड़ा दखल रहा है।