नांगल चौधरी रोड स्थित नई अनाज मंडी में सोमवार और मंगलवार को आए बाजरे की खरीद हुई। दोनों दिनों के करीब 706 किसानों का बाजरा खरीद गया। वहीं, बुधवार को बाजरा लेकर आए 303 किसानों के कागजातों की जांच के बाद वीरवार को बाजरे की खरीद होगी।
हैफेड के खरीद अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि डीसी ने एक कमेटी बनाई हुई है। कमेटी पहले बाजरा लेकर आए किसानों के कागजातों की जांच की थी। जांच में किसानों के कागजात सहीं मिले। इस पर बुधवार को 16 व 17 नवंबर के किसानों के बाजरे की खरीद हुई। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को 377 किसानों से 9322 क्विंटल बाजरा खरीदा गया। वहीं 17 नवंबर को 329 किसानों से 8061 क्विंटल बाजरा खरीदा गया। मैनेजर सुनील ने बताया कि 10515 बैग की लिफ्टिंग हुई है। बुधवार को 303 किसान बाजरा लेकर आए।
बता दें कि सोमवार से बाजरे की खरीद पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अब हर मंडी में एक-एक कमेटी बना दी गई है। कमेटी किसानों के टोकन, गेट पास व ऑनलाइन पंजीकरण समेत अन्य कागजातों की जांच करती है। जांच में सही मिलने के बाद हैफेड द्वारा बाजरा लिया जाता है। इस प्रक्रिया से किसानों को परेशानी हो रही है। बुधवार सुबह मंडी के बाहर ट्रैक्टरों की लंबी लाइन लग गई। कमेटी ने सुबह दस बजे के बाद गेटपास जारी किया। अचानक तीन सौ किसानों के आने से टोकन लेने के लिए भीड़ लग गई। इसके बाद किसानों ने कट्टे में बंद बाजरे को मंडी में रख दिया। अब इन किसानों के बाजरे संबंधी कागजातों की जांच होगी। ऐसे में कई किसानों को मंडी में रात बितानी पड़ रही है।