करीब आठ महीने के बाद वीरवार को बाजारों में धन बरसा। शाम पांच बजे तक शहर में लगभग 13 करोड़ रुपये का कारोबार हो चुका था। इनमें सबसे अधिक खरीद ऑटो सेक्टर, सर्राफा बाजार, इलेक्ट्रोनिक बाजार में रही। लोगों ने भगवान धनवंतरि की पूजा आराधना भी की गई।
वीरवार को धनतेरस पर्व पर बाजार में जबरदस्त भीड़ उमड़ी। लोगों ने ज्वेलरी, बर्तन, स्कूटी, बाइक, कार, इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, फर्नीचर सहित अन्य सामानों की जमकर खरीदारी की। व्यापार मंडल के प्रधान सुरेंद्र बंटी ने बताया करीब 13 करोड़ रुपये का कारोबार का अनुमान है। चौपहिया वाहनों की 6 करोड़, दोपहिया वाहनों की लगभग डेढ़ करोड़, सर्राफा मार्केट में लगभग ढाई करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर बाजार में लगभग ढाई करोड़, 30 लाख रुपये बर्तन, एक करोड़ रुपये के अन्य सामान की खरीदारी हुई है।
बर्तन व्यापारी जितेंद्र और लीलाराम ने बताया कि धनतेरस पर लोगों ने स्टील, पीतल, तांबे के बर्तनों की खरीदारी की। सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान लक्खी राम सोनी ने बताया कि चांदी के सिक्के, लक्ष्मी गणेश की मूर्ति के अलावा विवाह-शादियों के लिए गहनों के लिए खूब खरीदारी की गई है। सर्राफा बाजार में लगभग ढाई करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। सिंघानिया फाइनेंस के मालिक पवन कुमार गर्ग ने बताया कि धनतेरस पर 50 से अधिक कारों की डिलीवरी की गई है। ऑटो सेक्टर के रविंद्र, विजय कुमार, अमर वत्स ने बताया कि वीरवार को 248 दोपहिया वाहन बिके।
इलेक्ट्रॉनिक बाजार रहा ढाई करोड़ रुपये का
राजा लाइफ स्टाइल एवं फर्नीचर शोरूम के मालिक मनीष खुराना ने बताया कि लोगों ने अपने बजट के अनुसार टेलीविजन, मोबाइल फोन, वाशिंग मशीन, फ्रीज सहित अन्य सामानों की खरीदारी की। इलेक्ट्रोनिक बाजार में करीब ढाई करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।