नारनौल के नांगल चौधरी में मंगलवार सायं को भुंगारका के एक मकान में आग लग गई। इस घटना में पुराना मकान व पशुचारा जलकर राख हो गया। पीड़ित ने उपायुक्त से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि भुंगारका निवासी निशादेवी के मकान में मंगलवार को करीब 3.30 बजे मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। धुआं का गुबार देखकर ग्रामीणों ने मकान मालिक व दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने निजी स्तर पर आग बुझाने के प्रयास किए गए, लेकिन पानी व संसाधनों के अभाव में आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जिस कारण देखते ही देखते 15 मिनट में आग की लपेटें पूरे मकान में फैल गई। लगभग पांच बजे फायर ब्रिगेड घटना स्थल पहुंची। तब तक पूरा मकान व सामान जलकर राख हो चुका था। पूर्व सरपंच राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस घटना से पीड़िता को काफी नुकसान हुआ है। आर्थिक तंगी के चलते मकान की मरम्मत करना संभव नहीं है। उन्होंने उपायुक्त से मौका रिपोर्ट करवाकर पीड़ित को उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।