नारनौल के गांव महरमपुर में मंगलवार को जोहड़ में डूबने से व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के भाई कप्तान सिंह के ब्यान पर इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
महरमपुर निवासी काशीराम(30) मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शौच से लौट रहा था। वह रास्ते में पड़ने वाले जोहड़ में हाथ-पैर धोने लगा। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह जोहड़ में डूबने लगा। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने उसे डूबता देख शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हुए और लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ड्राईवर का काम करता था।