नारनौल में रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति नारनौल की आवश्यक बैठक रविवार को स्टेशन मास्टर मुनीश भार्गव की अध्यक्षता में रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं पर असंतोष जताते हुए यात्रियों की सुविधाओं के लिए रेल मंत्री और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
समिति सदस्य राजेश कुमार ने कहा कि लंबा अरसा बीतने के बाद भी अभी तक रींगस से जयपुर तक की ब्रॉडगेज लाइन को शुरू नहीं किया गया। जिसके कारण जयपुर जाने वाले मरीजों और विद्यार्थियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि इस लाइन का कार्य शीघ्र शुरू करवाया जाए। सदस्य गौरव भार्गव ने कहा कि विभाग द्वारा नारनौल स्टेशन पर टिन शेड लगवाने को मंजूरी मिले लंबा समय हो गया लेकिन अभी तक काम नहीं हुआ है जिनके कारण यात्रियों को धूप और बारिश में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस टिन शेड को तुरंत लगवाने की जरूरत है। इसके अलावा टिकट खिड़की के सामने खाली पड़ी जगह पर पार्क विकसित करवाना चाहिए ताकि यात्री वहां पर बैठकर अपनी गाड़ी का इंतजार कर सकें।
सदस्य असीम राव ने यात्रियों के लिए स्टेशन पर सुलभ शौचालय बनवाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह शौचालय मंजूर हो चूका है और नगर परिषद के पास 20 लाख का बजट भी आ चुका है लेकिन नामालूम कारणों के चलते इसका निर्माण नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा उन्होंने टिकट आरक्षण खिड़की का समय सायं 3 की बजाय रात्रि 8 बजे तक बढ़वाने की मांग की। बिशन स्वरूप गोयल ने कहा कि स्टेशन और बाहर कहीं भी नारनौल स्टेशन से संबंधित बोर्ड नहीं लगाया गया है जिसके कारण बाहर से आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि स्टेशन और उसके बाहर लाइट वाले बोर्ड लगाएं जाएं। बैठक में स्टेशन अधीक्षक महेंद्र कुमार, राम स्वरूप वर्मा, सदस्य अजित जैन, ब्रिज मोहन एडवोकेट आदि उपस्थित थे।