नारनौल के नांगल चौधरी में मैरिज सर्टिफिकेट नहीं बनने पर ढाणी ठाकरान के ग्रामीण आक्रोशित हो गए। कार्यालय पर एकत्रित होकर तहसीलदार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद पुलिस की मदद लेकर ग्रामीणों को शांत किया गया।
कार्यालय में एकत्रित दाताराम, भूपेंद्र, सुनील कुमार, संदीप ने बताया कि ढाणी ठाकरान निवासी मनीषा की शादी बहरोड़ के नजदीक बेसवाना गांव में हुई है। नियमानुसार जहां फेरे होंगे, मैरिज सर्टिफिकेट वहीं से जारी होगी। सर्टिफिकेट की जरूरत होने पर प्रार्थी के पति राजबीर ने नांगल चौधरी तहसील कार्यालय में आवेदन किया। तहसीलदार ने मंजूरी के लिए फाइल को एसडीएम कार्यालय में भेज दिया। आवेदक ने विभिन्न दस्तावेज जुटाकर फाइल को एसडीएम व डीसी कार्यालय से मंजूर करवा लिया। शुक्रवार को सर्टिफिकेट बनवाने के लिए तहसील में पहुंचा। लेकिन अधिकारी ने सर्टिफिकेट बनाने से इंकार कर दिया। कारण पूछने पर उन्होंने नपा कार्यालय से संपर्क करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि डीसी की मंजूरी मिलने के बाद फाइल को इधर-उधर भटकाना अनुचित है। जिस पर तहसीलदार आक्रोशित हो गया और दफ्तर से बाहर निकाल दिया। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने कार्यालय में प्रशासन व अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पाकर सहायक थाना प्रभारी शिवकुमार मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की समस्या सुनने के बाद उन्होंने तहसीलदार से संपर्क किया। इसके बाद फाइल को नपा कार्यालय में भिजवाया गया।
फाइल नपा के दफ्तर भेजी
तहसीलदार योगेश कुमार ने बताया कि नपा के अंतर्गत लोगों के मैरिज सर्टिफिकेट नपा कार्यालय में बनेंगे। आवेदक को इन्हीं नियमों से अवगत कराया गया था। किंतु उन्होंने मामले को अनावश्यक बढ़ावा दिया है। अब फाइल को नपा कार्यालय भेज दी। नपा प्रशासन विभिन्न दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर सर्टिफिकेट बनाने की प्रक्रिया में जुटा है।