नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ में महिला पुलिस वालंटियर भर्ती में चयनित की गई महिलाओं को शनिवार को मधुबन से आई टीम ने शनिवार को फायरिंग रेंज नारनौल में ट्रेनिंग दी। इससे पूर्व चयनित महिला पुलिस वालंटियर को 2 दिन तक ट्रेनिंग के लिए मधुबन भेजा गया था। जिला में पिछले महीने महिला पुलिस वालंटियर की भर्ती की गई थी। इस भर्ती के बाद अब तक 412 महिला पुलिस वालंटियर को ट्रेनिंग में कानून से संबंधित जानकारियां दी गई।
23-24 अक्टूबर को चयनित की गई 278 महिलाओं को मधुबन में कानून संबंधित जानकारियां प्रशिक्षण दिया गया। वहीं शेष रही महिलाओं को ट्रेनिंग देने के लिए मधुबन से एक टीम बुलाई गई। जिसमें महिला इंस्पेक्टर इंद्रावती, एसआई राजवंती, एएसआई संतोष, एएसआई बबली व एसआई श्याम लाल ने 11 से 12 नवंबर तक रघुनाथपुरा स्थित पुलिस फायरिंग रेंज पर पुलिस वालंटियर को विशेष ट्रेनिंग दी। इस ट्रेनिंग में टीम सदस्यों ने महिलाओं वालंटियर को पीड़ित महिला की किस तरह से सहायता करनी है, कैसे मुकदमा थाने में दर्ज होता है, किस तरह से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करवाने में पीड़ित व पुलिस की मद्द कर सकते है आदि सहित अनेक कानूनी जानकारियां दी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं के विरुद्ध अपराध व भ्रूण हत्या जैसे अपराधों के साथ-साथ बाल अपराध में कमी लाने के उद्देश्य से महिला पुलिस वालंटियर की भर्ती की है। उक्त महिलाएं उन महिलाओं पर ध्यान रखेगी जो लड़का-लड़की की पहचान के लिए गांव व शहर में महिलाओं को उकसाकर तैयार करती है तथा भ्रूण हत्या करवाने में सम्मिलित होती है। इसके साथ-साथ महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार की जानकारी भी संबंधित थाने में देगी और आरोपी के खिलाफ पीड़ित महिला की शिकायत पर कार्यवाही करवाने के लिए सहायता करेगी।