फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एटीएम भी नहीं खुले, नई करेंसी भी नहीं आई, अब कहां जाएं...

Sat, 12 Nov 2016 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
bank
विज्ञापन
नारनौल। जिला में दूसरे दिन भी बैंकों में पैसे जमा करवाने वालों की भीड़ उमड़ी। शुक्रवार को शहर की छोटी-बड़ी ब्रांचों में पैसे जमा कराने वाले सुबह से लाइन में लगे रहे। शुक्रवार से खुलने वाले एटीएम कई जगह खुले तो कई जगह बंद रहे। जहां पर एटीएम खुले, वहां लोगों की कतारें लगी। वहीं देव उठनी एकादशी पर भी बाजारों में मायूसी छाई रही। दूसरी तरफ दुकानों पर आयकर विभाग के छापों की अफवाह से शुक्रवार शाम को बाजार बंद हो गए। वहीं करेंसी चेंज को लेकर लोगों में अफरातफरी रही। कई लोगों को नई करेंसी की बजाए 10-10 के नोट दिए गए। शुक्रवार को जिला में 28 बैंकों की 148 शाखाओं में करीब 250 करोड़ रुपये जमा हुए।
विज्ञापन

देश में 500 और एक हजार रुपये की पुरानी करेंसी चलन में बंद होने के बाद से इसको बदलवाने को लेकर लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। करेंसी बंद होने के बाद इसको चेंज करवाने व घरों में रखे पैसों को जमा कराने के लिए लोगों की भीड़ शुक्रवार को भी बैंकों में लगी रही। शुक्रवार को सुबह आठ बजे से ही लोग बैंकों के बाहर कतार लगाए नजर आए। शहर के मुख्य बैंकों पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक आफ पटियाला, स्टेट बैंक आफ इंडिया, सिंडीकेट बैंक, ओरियंटल बैंक आफ कामर्स एचडीएफसी बैंक व एक्सीस बैंक आदि में पूरा दिन भीड़ देखी गई।

कई एटीएम खुले तो कइयों में हाथ लगी निराशा
शुक्रवार से खुलने वाले एटीएम कहीं खुले तो कहीं पर लोगों को निराशा ही हाथ लगी। स्टेट बैंक आफ पटियाला के एटीएम कहीं-कहीं खुले। वहीं एचडीएफसी के एटीएम भी सुबह से दोपहर तक खुले। इसके बाद बंद नजर आए। पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम भी कहीं-कहीं खुले। वहीं अन्य कई बैंकों कश्े एटीएम भी कहीं खुले तो कहीं बंद रहे।
विज्ञापन


देरी से आई नई करेंसी, दस-दस के दिए नोट
नारनौल में नई करेंसी शुक्रवार को देरी से आई। इसके कारण कई बैंकों में वह बट नहीं पाई। वहीं बैंकों ने अपने पास रखी पुरानी करेंसी एक्सचेंज के बदले लोगों को दी। करेंसी चेंज कराने आए धीरज कुमार ने बताया कि बैंक ने उसके हाथ में दस-दस रुपये की करेंसी चेंज कराने के बदले पकड़ा दी। उसने बताया कि इनमें भी कई नोट फटे हुए थे।

बैंकों में भीड़, बाजार रहे सुनसान
देव उठनी ग्यारस पर अकसर बाजार में भारी भीड़ रहती है, मगर शुक्रवार को इस बार सारी भीड़ बैंकों में रही। जिसके कारण देव उठनी ग्यारस पर भी बाजार सुनसान नजर आए। व्यापारी विनय जिंदल, सुरेश कुमार, मनोज अग्रवाल, राकेश गर्ग आदि ने बताया कि यह सीजन साल का सबसे अच्छा सीजन होता है, मगर इस बार कोई खरीददारी नहीं हो रही।

आयकर की रेड की सूचना से हड़कंप बाजार रहे बंद
दोपहर बाद रेवाड़ी में आयकर विभाग की रेड की सूचना व्हाटसएप पर आई। इसके बाद से यहां भी रेड की सूचना व्हाटसएप पर फैल गई। जिसके कारण सबसे पहले सर्राफा बाजार, फिर पुल बाजार तथा बाद में पार्क गली तथा मोहनी गली बाजार बंद हो गए। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ। रेड की सूचना के चलते बाजार में जूस व चाय तक की दुकानें भी बंद हो गई।

नए 2000 की पहचान नहीं, व्यापारी नहीं कर रहे स्वीकार
बाजार में आए नए 2000 के नोट की अभी व्यापारियों को पहचान नहीं हुई है। कई व्यापारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह नोट बहुत ही पतला तथा कमजोर कागज का है, जो बच्चों के बैंक जैसा लगता है। इसकी पहचान उन्हें नहीं है। पहचान न होने के कारण कई दुकानदारों ने इसको स्वीकार नहीं किया।

200 का सामान ले दिखा रहे दो हजार
कई व्यापारियों ने बताया कि लोग 200 रुपये का सामान लेकर 2000 रुपये दिखा रहे हैं। इसके कारण उनकी दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है।

बैंक में दूसरे दिन भी भीड़ रही। इससे उनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही लाइन में लगा था। -गिरधारीलाल

बैंक में पैसे एक्सचेंज करवाने के लिए गया था, मगर नए नोट नहीं आए। इसलिए पुराने दस रुपये के नोट दे दिए। -सुरेश कुमार

बैंकों में अभी भारी भीड़ है। छोटे नोट भी नहीं है। वह अपना व्यापार छोड़कर आया था, मगर उसका काम दोपहर तक नहीं हुआ। इससे काफी परेशानी हुई। -विजय कुमार

बैंकों में पैसे जमा कराने के लिए नए-नए नियम लगा दिए हैं। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। एटीएम भी सही काम नहीं कर रहे। इससे पैसे भी नहीं निकलवाए गए। -बबलू

बैंकों में दूसरे दिन भी काम शांति पूर्वक निपट गया। नए नोट कई जगह आ गए हैं। जहां कहीं परेशानी हुई, वहां कैश समय पर भिजवा दिया गया। एटीएम भी खुल गए हैं, अब लोगों को परेशानी कम होगी। -एसडी पाठक, लीड बैंक मैनेजर
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें