नारनौल में बड़कोदा फीडर से जुड़े करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों में बिजली सप्लाई ठीक करवाने व पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को अनेक गांवों के सरपंच उपायुक्त से मिले तथा उन्हें एक मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने डीसी से मांग की कि फीडर पर अधिकारियों की जवाब देही सुनिश्चित की जाए तथा स्टाफ की कमी को पूरा किया जाए।
सलूनी के सरपंच अजीत सिंह, बलजीत सिंह, नूनी के सरपंच विक्रम सिंह, बड़कोदा के सरपंच राजपाल, शेखपुरा के सरपंच शुभराम सैनी, आदि ने मांग पत्र में बताया कि पिछले पिछले एक सप्ताह से गांव शहरपुर, कुतबापुर, नूनी, सलूनी, बड़कोदा, नूनी अव्वल व शेखपुरा में बिजली व पानी की समस्या बनी हुई है। पिछले एक सप्ताह में घरेलू बिजली मात्र 20 घंटे ही मिली है, जिसके कारण उक्त गांवों में पेयजल समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने बताया कि बड़कोदा फीडर का मुख्य स्विच गांव बड़गांवव में स्थित है वहां से लाइन कटने से नांगतिहाड़ी की लाइट को छोड़कर सभी गांवों की सप्लाई बंद हो जाती है। इसकी शिकायत लहरोदा फीडर के अधिकारियों व कर्मचारियों को कर दिया है। लेकिन बिजली अधिकारी व कर्मचारी बड़कोदा फीडर की जवाबदेही लेने को तैयार नहीं है। इस बारे में लहरोदा फीडर पर कार्यरत एससी मनोज कुमार ने बताया कि बड़कोदा फीडर की सप्लाई सुचारु चल रही है। पिछले दिनों बिजली कर्मचारियों की हड़ताल होने के कारण लाइन फाल्ट हो गई थी। कर्मचारी नहीं होने के कारण बिजली सप्लाई बाधित रही थी।