नारनौल में तीन-चार दिनों से शहर व आसपास के इलाकों में बिजली की समस्या गहरा हुई है। जिसके कारण आम जनता परेशान हो रही है। वहीं लोगों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है। इसी समस्या से परेशान दयाल नगर के लोगों ने रविवार दोपहर को बहरोड़ रोड और मंढाणा के ग्रमीणों ने जाम कर अपना विरोध जताया। दो दिन अलग-अलग स्थानों पर लगे जाम के कारण लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को दोपहर करीब दो बजे कडियावाले मंदिर के पास स्थित दयाल नगर के लोगों ने भी बहरोड़ पर बिजली की समस्या को लेकर जाम लगा दिया। जाम लगाने वाले लोगों का कहना था कि चार दिन से बिजली आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित है। कई बार पूरा दिन तो कई बार दिन में 20 बार बिजली के कट लगते हैं। वहीं डिम लाइट की समस्या भी है। जिसके कारण लोग परेशान हैं। बिजली न आने के कारण सारे काम ठप हो गए हैं। जाम की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। बहरोड़ रोड पर लगे इस जाम के कारण लोगों को परेशानी भी हुई।
निगम अधिकारी पहुंचे मौके पर
गांव मंढाणा में गत चार रोज से बिजली सही प्रकार से नहीं आ रही। जिससे ग्रामीण बड़े परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लाइट न आने के कारण गांव में पीने के पानी की समस्या भी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वे बिजली की कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, मगर उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली की समस्या के कारण गर्मी के मौसम में बड़ी परेशानी हो रही है। वहीं सभी इलेक्ट्रिक उपकरण भी शोपीस बन गए हैं। वहीं अब पानी की समस्या भी गहरा गई है। जिससे ग्रामीणों की परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। पानी के लिए ग्रामीणों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। वहीं जाम की सूचना मिलने के बाद दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम नांगल चौधरी के एसडीओ हनुमान यादव ने लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।