उपायुक्त संजीव वर्मा के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने बृहस्पतिवार को जिले के तीन गांवों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पिछले सप्ताह सील किए गए छह बजरी वाशिंग प्लांट की सील नहीं मिली। इन सभी के मालिकों के खिलाफ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की शिकायत पर थाने में एफआइआर दर्ज की गई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी नवीन गुलिया की अगुवाई में बृहस्पतिवार को टीम ने गांव शहबाजपुर, नोलायजा व ढाणी जाजमा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को वहां पर 22 अप्रैल को सील किए हुए छह बजरी वाशिंग प्लांट की सील नहीं मिली। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन सभी 6 बजरी वाशिंग प्लांट के मालिकों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किया जाएगा। जिले में किसी भी बजरी वाशिंग प्लांट को नहीं चलने दिया जाएगा। इस टीम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ आरके भौंसले व मोहित मुदगिल के अलावा पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद थी।
इन पर दर्ज हुआ केस
इस अभियान में ढाणी जाजमा के नित्यानंद सुपुत्र जगदीश, शहबाजपुर के भागीरथ सुपुत्र नाहर सिंह, ढाणी प्रिया वाली के वीरेंद्र सुपुत्र कुरड़ाराम, ढाणी जाजमा के राजेश कुमार सुपुत्र हरिओम, सुंदरलाल सुपुत्र देवकरण व रामेश्वर पुत्र फूसाराम के खिलाफ पुलिस ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।