फोटो नंबर-15सर्दी से बचने के लिए सड़क किनारे अलाव करते युवक। संवाद
नारनौल। जिले में ठंड अपने प्रचंड तेवरों से आगाज किए हुए है। पूरे इलाके में लगातार दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए है।शनिवार को जिले में नारनौल का दिन और रात का तापमान क्रमशः 21.6 व 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो प्रदेश में सबसे ठंड़ा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान परिदृश्य में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में कहीं कहीं बादलवाही देखने को मिल रही है। वहीं इलाके में रात्रि तापमान में भी हल्का उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
8 दिसंबर को यह मौसम प्रणाली संपूर्ण इलाके से आगे निकल जाएगी उसके बाद उत्तरी बर्फिली सर्द हवाओं से पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कोई भी सक्रिय मौसम प्रणाली का असर न होने से आने वाले दिनों यानी पहले पखवाड़े में बारिश की कोई भी संभावना नहीं है। मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा और सूखी ठंड अपने तेवर दिखाएगी।
ठंड की मार-लोग हो रहे बीमार
ठंड की चपेट में आने से आमजन बीमार हो रहे हैं। नागरिक अस्पताल की ओपीडी की संख्या में भी बढ़ोतरी बनी हुई है। सामान्य दिनों में बच्चों व बुजुर्गों की ओपीड जहां 50 से 70 के बीच रहती है। वहीं अब ओपीडी की संख्या 100 से अधिक बनी हुई है। शनिवार को ओपीडी की संख्या करीब 940 दर्ज की गई।
वर्जन :
ठंड के कारण माता-पिता से अपील है कि बच्चों को गर्म कपड़े पहना कर रखें। वहीं सुबह व शाम के समय पैरों में जुराब और हाथों में दस्ताने भी अवश्य पहनाएं ताकि ठंड से बचाव किया जा सकें। -डॉ. अंजू अग्रवाल, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, नारनौल