फोटो संख्या:51- लघु सचिवालय महेंद्रगढ़ में उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्या रखता युवक--स्रोत- प्रश
महेंद्रगढ़। लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में 62 नागरिकों ने उपायुक्त के समक्ष शिकायत रखी। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का यथाशीघ्र निपटारा किया जाए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ भी मौजूद रही।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग सामंजस्य स्थापित कर काम करें, ताकि विकास कार्यों में रुकावट न आए। इसके अलावा सभी विभाग समाधान शिविरों की लंबित शिकायतों का समाधान करें। उन्होंने नगर पालिका(नपा) के अधिकारियों से कहा कि वे शहर में साफ-सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में बरसाती पानी निकासी के पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
नागरिकों को शुद्ध व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। सीवर की भी नियमित अंतराल पर सफाई कराई जाए। समाधान शिविर में पेंशन, जन्म तिथि ठीक करवाने, भूमि रिकॉर्ड में शुद्धिरण, परिवार पहचान पत्र में दर्ज वार्षिक आय को कम करवाने, आधार कार्ड में दर्ज नाम को सही करवाने, अवैध कब्जे हटवाने, बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों के अलावा नगर पालिका, विकास एवं पंचायत आदि विभागों से संबंधित शिकायतें आईं।
समाधान शिविर में उप मंडल अधिकारी अनिल कुमार यादव, डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार, नायब तहसीलदार निशा तंवर, जिला परियोजना संगीता यादव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।