संवाद न्यूज एजेंसी
कनीना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल मोहनपुर में पक्षियों के लिए दाना-पानी के स्कोरे स्थापित किए गए। बढ़ती गर्मी को देखते हुए यह अभियान पक्षियों को राहत देने और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन संस्कृत प्रवक्ता गुलशन ने किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर के विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी की व्यवस्था की।
इस पहल में विद्यार्थियों, शिक्षकों, गैर-शिक्षण स्टाफ और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने स्कोरे नियमित रूप से भरने और साफ रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और जीव-जंतुओं के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।