कनीना। उपमंडल के गांव गाहड़ा में आयोजित बाबा भैंया क्रिकेट प्रतियोगिता के सातवें दिन चार मुकाबले हुए। इस दौरान नाहड़ की टीम ने मालड़ा को हरा मैच जीता।
खेल कमेटी सदस्य अजय यादव ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना व युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि पहला मुकाबला मालड़ा व नाहड़ के मध्य खेला गया जिसमें मालड़ा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 70 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नाहड़ की टीम ने मात्र छह ओवर में मैच जीत लिया।
दूसरे मैच में भड़ंगी व भड़फ आमने-सामने रहे। भड़ंगी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 148 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भड़फ टीम 70 रन पर ऑलआउट हो गई जिससे भड़ंगी ने शानदार जीत दर्ज की।
तीसरे मुकाबले में रेवाड़ी व भड़फ के बीच मैच खेला गया जिसमें रेवाड़ी ने आठ ओवर में 70 रन बनाए जबकि भड़फ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए छह ओवर में मैच अपने नाम कर लिया।
चौथा मुकाबला पुनः भड़फ व भड़ंगी के बीच हुआ। भड़ंगी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ ओवर में 108 रन बनाए। जवाब में भड़फ की टीम आठ ओवर में 100 रन ही बना सकी और भड़ंगी ने यह मैच आठ रन से जीत लिया।
प्रतियोगिता के दौरान अजय यादव, नरेंद्र, धर्मवीर, संदीप, पवन, राजेश, सुरेंद्र, नरेश, वीरेंद्र, विकास, दीपक, सुनील, महेंद्र, जितेंद्र, रोहित और मोहित सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। संवाद