फोटो संख्या:69- नगर पालिका का कार्यालय महेंद्रगढ़--संवाद
महेंद्रगढ़। नगर पालिका ने ऑटो मार्केट के पीछे खाली तीन एकड़ भूमि पर पांच करोड़ रुपये से आधुनिक सुविधाओं से लैस अपना भवन बनाने के लिए टेंडर किया है। तीन मंजिला भवन बनाया जाएगा।
वर्तमान में नगर पालिका कार्यालय शंकर मार्केट में स्थित 1993 में बनाए गए पांच कमरों में चल रहा है। जगह के अभाव में पालिका का नया भवन बनाने का निर्णय लिया गया है। पार्षदों की आमसभा की बैठक में इसका प्रस्ताव भी पास किया गया था। पालिका की ओर से सरकार से पहले ही स्वीकृति मिलने के बाद नपा की ओर से टेंडर जारी कर दिया है। नगर पालिका का नया भवन बनने के बाद नगर पालिका की ओर से पुराने भवन में शॉपिंग कॉप्लेक्स और पार्किंग बनाने की योजना है।
- ये सुविधाएं मिलेगी
यह भवन तीन मंजिला बनाया जाएगा। इसके प्रथम तल पर प्रशासनिक शाखाओं के कार्यालय, चेयरमैन, सचिव के अलग-अलग कार्यालय होंगे साथ ही इसमें एक कांफ्रेंस हॉल भी बनाया जाएगा। इसके अलावा यहीं एमई, जेई, पटवारी, बीआई, अकाउंट शाखा के कार्यालय होंगे। द्वितीय मंजिल पर महिला और महिला पुरुषों का अलग-अलग रैनबसेरा बनाया जाएगा। सभी मंजिलों पर पानी और शौचालय की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा भवन में लिफ्ट भी लगाई जाएगी। साथ ही शॉपिंग कॉम्लेक्स, सार्वजनिक पार्किंग, वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ऑटो मार्केट के पीछे करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से नगर पालिका का नया भवन बनाया जाना है। इसके लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया। जल्द ही सभी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद नए भवन का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
रमेश सैनी, चेयरमैन नगर पालिका महेंद्रगढ़।