नगर पालिका कार्यालय का पुराना भवन गिरा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
आजाद चौक पर नगरपालिका के पुराने कार्यालय की बिल्डिंग शनिवार को देर रात गिर गई। बिल्डिंग का आधा हिस्सा गिरने से नीचे की दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
कार्यालय के नीचे स्थित दुकानदारों ने साइड में स्थित दुकान के नए मालिक पर अवैध तरीके से बेसमेंट बनाने का आरोप लगाया है। सूचना पाकर मौके पर शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा पहुंचे और अधिकारियों को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। दुकानदारों ने दुकान के नए मालिक के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी है। नगरपालिका की ओर से जेई मनोज मौके पर मौजूद थे।
दुकानदारों ने दी पुलिस को शिकायत
दुकानदार राजेंद्र बजाज और रतनलाल ने बताया कि नगरपालिका के कार्यालय के नीचे कपड़े और जूते चप्पल व रेडीमेड कपड़ों की दुकानें हैं। जो कई वर्षों से चल रही हैं। इस कार्यालय के बगल में एक पुरानी दुकान को तोड़ कर नई दुकान बनाई जा रही है जिसका पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से बेसमेंट का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी लापरवाही के कारण ही नगरपालिका का कार्यालय गिर गया। इससे नीचे की तीनों दुकानों की पीछे के हिस्से की छत गिर गई और अगले हिस्से में भी दरार आ गई। जिससे उनको भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है। दुकानदारों ने बताया कि डीएसपी ने मौके पर ही पीड़ित दुकानदारों को दुकान न खोलने के निर्देश दिए हैं क्योंकि अभी बचे हुए हिस्से में भी दरार आई हुई है जो कभी भी गिर सकता है।
काफी पुराना था कार्यालय
बता दें कि आजाद चौक पर स्थित नगरपालिका का यह कार्यालय काफी पुराना था। 1993 से पहले इस बिल्डिंग में कार्यालय चलता था। यह दो मंजिला बिल्डिंग थी। प्रथम तल में लगभग तीन कमरे और एक बड़ा हॉल और पीछे खाली स्पेस था जबकि दूसरी मंजिल पर एक कमरा था। कई वर्षों तक यह कार्यालय यहां चलता रहा। लेकिन 1993 में नई बिल्डिंग बनने के बाद इसको स्थानांतरित कर दिया गया। तब से नगरपालिका का कार्यालय वहीं चल रहा है। पुराने कार्यालय के नीचे तीन दुकानें चल रही हैं।
शिक्षामंत्री ने लिया जायजा
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे शिक्षामंत्री दुकानदारों से मिले और घटना स्थल का जायजा लिया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यहां न तो किसी को नाजायज परेशान होने दिया जाएगा और न ही उजड़ने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि वे जांच कर तुरंत कार्रवाई करें।