कनीना। कनीना कस्बे में जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए नगरपालिका की ओर से 1.28 करोड़ रुपये के सात विकास कार्याें के टेंडर छोड़े गए हैं। आगामी एक माह के समय में काम शुरू कर दिया जाएगा। इन सात विकास कार्याें में कस्बे की अधिकांश गलियों व नालों का निर्माण किया जाएगा। गलियों एवं नालों का निर्माण होने से कस्बावासियों को जल भराव की समस्या का भी स्थाई समाधान मिलेगा। लंबे समय से मानसूनी सीजन में कस्बावासी जलभराव की समस्या से परेशान थे। ऐसे में लोग भी बार-बार मांग उठा रहे थे।
कस्बे के विकास को लेकर हलका विधायक सीताराम व नपा प्रशासक और उपमंडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कस्बे में विभिन्न स्थानों पर होने वाले विकास कार्यों के टेंडर जारी किए जाएंगे। इसी माह कुल नौ विकास कार्याें के टेंडर किए जाने हैं, जिनमें से सात टेंडर जारी कर दिए गए हैं। जिम्मेदारों का दावा है कि एक माह के समय में धरातल पर काम शुरू कराया जाएगा। नपा सचिव समय पाल सिंह, एमई दिनेश यादव, जेई जयवीर यादव, लिपिक सुरेंद्र कुमार वशिष्ट ने कार्याें को शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो टेंडर 24 व 29 जुलाई को जारी होंगे
करीब एक करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य करवाने को लेकर टेंडर जारी कर दिए गए है। वहीं दो टेंडर 24 जुलाई व 29 जुलाई को जारी किए जाएंगे। वार्ड नंबर एक में बरसात के मौसम में होने वाली जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए 23.07 लाख रुपये की लागत से वार्ड के जोहड़ की छंटाई व मरम्मत कराई जाएगी। जोहड़ में वर्षा के पानी को भी एकत्रित किया जा सकेगा।
यह होंगे विकास कार्य
कस्बे के विकास को लेकर गत दिनों नगरपालिका की ओर से करीब 6 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर भेजा गया था, जिसमें से 1.28 करोड़ रुपये के विकास कार्याें के टेंडर छोड़े जा चुके हैं। अन्य कार्यों के लिए टेंडर लगाए गए हैं जो इसी माह छोड़े जाएंगे। इनमें 20.64 लाख रुपये की लागत से शास्त्री कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर गली व नालों का निर्माण करवाया जाएगा। 19.20 लाख रुपये की लागत से अटेली रोड पर गली व नालों का निर्माण होगा। 24.12 लाख रुपये की लागत से आश्रम कॉलोनी में विभिन्न स्थानों पर गली व नाले का कार्य करवाया जाएगा। 8.01 लाख रुपये की लागत से आंबेडकर भवन के चारों ओर दीवार करवाई जाएगी। 19.54 लाख रुपये की लागत से कालरा वाले जोहड़ की सफाई व मरम्मत कराई जाएगी। 13.98 लाख रुपये की लागत से होली वाले जोहड़ की मरम्मत व छंटाई होगी। 57.35 लाख रुपये की लागत से रेवाड़ी रोड से कृष्ण कॉलोनी तक रास्ते को पक्का कराया जाएगा। वहीं 65.29 लाख रुपये की लागत से संगम कॉलोनी में गली व नाले का कार्य करवाया जाएगा।
कस्बे में विकास कार्याें के लिए सात टेंडर जारी किए जा चुके हैं। कस्बा के विकास के लिए नपा की ओर से लगातार योजनाएं बनाकर धरातल पर उतारा जा रहा है जिन विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं उन पर करीब एक माह में कार्य शुरू हो जाएगा। यह कार्य पूरे होने से कस्बे में जल भराव की समस्या का स्थाई समाधान होगा।
-एसडीएम सुरेंद्र सिंह, प्रशासक नगरपालिका कनीना।
फोटो संख्या:51- नगर पालिका कनीना में अधिकारियों की बैठक लेते एसडीएम सुरेंद्र सिंह--संवाद
फोटो संख्या:51- नगर पालिका कनीना में अधिकारियों की बैठक लेते एसडीएम सुरेंद्र सिंह--संवाद
फोटो संख्या:51- नगर पालिका कनीना में अधिकारियों की बैठक लेते एसडीएम सुरेंद्र सिंह--संवाद