महेंद्रगढ़। काफी समय से शहर में विकास कार्याें की बाट जोह रहे लोगों का यह इंतजार अब और अधिक बढ़ने वाला है, क्योंकि अब नगर पालिका का खजाना खाली हो गया है। नपा के खाते में जो करीब 20 करोड़ रुपये की राशि थी वह भी विभिन्न कार्याें के लिए बुक कर दिया है।
बुक की गई राशि का नपा अन्य कार्यों में प्रयोग नहीं कर सकेगी। हालांकि यह भी तय नहीं है कि जिन विकास कार्याें के लिए यह राशि बुक की गई है वह कितने दिनों में पूरे हो पाएंगे, लेकिन अब शहर की सरकार द्वारा तैयार की गई विभिन्न विकास कार्याें की योजनाएं धरी रह गई हैं। ढाई साल के कार्यकाल में नपा के विकास के नाम पर महज वार्डों में एक-दो गलियों का निर्माण है, जिनका कार्य अभी अधर में लटका हुआ है।
शहर की सरकार ने पिछले ढाई सालों के दौरान शहर में विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किए, लेकिन विधायक कंवर सिंह यादव के हस्तक्षेप के बाद नपा की ओर से विभिन्न विकास कार्याें के लिए टेंडर आमंत्रित किए थे। टेंडर छोड़ने के बाद नपा के खाते की पूरी राशि इन कार्याें के लिए बुक कर दी गई थी। इनमें 3.50 करोड़ रुपये 11 हट्टा बाजार, 7 करोड़ रुपये से करीब 35 गलियों एवं छोटी सड़कों के निर्माण, 25 लाख रुपये सड़कों पर पैचवर्क, पांच करोड़ रुपये नपा के आधुनिक भवन, एक करोड़ रुपये लाइट लगाने व कुछ बची राशि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए बुक कर दी गई है। इब इस राशि में से नपा एक भी पैसा नए विकास कार्याें के लिए खर्च नहीं कर सकेगी।
इंसेट
ये विकास कार्य नहीं हो पाए हैं पूरे
अब बजट के अभाव में देवीलाल पार्क विकसित करना, मोडावाली पार्क, बुचियावाली आश्रम पार्क का निर्माण, हुड्डा पार्क की चहारदीवारी, लाइट लगाना, मरम्मत, टूटे झूलों की मरम्मत, शहर के चारों ओर मुख्य सड़क किनारों पर लाइटें लगाना, डिवाइडरों पर लाइट लगाना, 148बी स्टेट हाईवे पर रिवासा पुल से कैंची मोड़ तक दोनों और लाइटें लगाने की योजना धरी रह गई है। साथ ही मॉडल रोड को विकसित करना, मोहल्ला सैनीपुरा सामुदायिक भवन, परशुराम भवन में पुस्तकालय, यादव सभा में लिफ्ट लगवाना, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत आदि कई कार्याें के लिए अब नगर पालिका को बजट की दरकार है।
-
वर्जन
नगर पालिका के खाते में जो राशि है वह विभिन्न कार्याें के लिए बुक कर दी गई है। अब शहर में अन्य विकास कार्याें के लिए बजट की आवश्यकता है। जल्द ही प्रदेश सरकार से शहर के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये के बजट की मांग की जाएगी।- रमेश सैनी, प्रधान नगर पालिका