नगर पालिका महेंद्रगढ़ में पदभार संभालतीं चेयरपर्सन रीना गर्ग।
- फोटो : Narnol
रीना गर्ग ने शुक्रवार को एक बार फिर से चेयरपर्सन की कुर्सी संभाल ली। रीना गर्ग के कार्यालय पहुंचने पर पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक, पार्षद कृष्णा जांगड़ा, मनीष सैनी सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। समर्थकों ने रीना गर्ग जिंदाबाद, सुरेंद्र बंटी जिंदाबाद के नारे भी लगाए। समर्थकों ने सत्यमेव जयते के नारे भी लगाए।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की डबल बेंच से स्टे आर्डर मिलने के बाद चेयरपर्सन रीना गर्ग शुक्रवार सुबह अपने समर्थकों के साथ नगर पालिका कार्यालय पहुंची। उनके पार्षद पति सुरेंद्र बंटी सहित अन्य पार्षद भी पहुंचे। समर्थकों ने गुलदस्ते देकर रीना गर्ग, सुरेंद्र बंटी का अभिनंदन किया। रीना गर्ग ने दोबारा से पदभार संभालने के बाद मुख्य सचिव, स्थानीय निकाय के निदेशक को सूचना भेजी है। मीडिया से बातचीत में रीना गर्ग ने कहा कि सूचना देने बाद भी नगर पालिका सचिव, लिपिक कार्यालय में उपस्थित नहीं रहे। इन दोनों के खिलाफ अधिकारियों को लिखेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी पिछली तारीखों में गलत तरीके से बिल निकालना चाहते हैं। जिसे किसी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा। इस बारे में बैंकों को भी चिठ्ठी लिखेंगे। चेयरपर्सन के हस्ताक्षर बिना किसी तरह के चैक को क्लीयर न किया जाए। इस मौके पर नंदलाल शर्मा, संतलाल शर्मा, रमेश, मुकेश झूकिया, मनोहर झूकिया, गिरधर कौशिक सहित अन्य मौजूद रहे।
ऐसे चला निलंबन और स्टे आर्डर का दौर
कुछ पार्षदों ने जनवरी 2019 में तात्कालिक डीसी गरिमा मित्तल को चेयरपर्सन रीना गर्ग व उनके पति पार्षद सुरेंद्र बंटी के खिलाफ शिकायत दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर शहरी एवं स्थानीय निकाय के निदेशक शेखर विद्यार्थी ने चेयरपर्सन रीना गर्ग व सुरेंद्र बंटी को 27 फरवरी को निलंबित कर दिया। चेयरपर्सन ने 1 मार्च को निलंबन किए जाने के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी। 27 मार्च को सिंगल बेंच ने स्टे आर्डर दिया। 12 जुलाई को सिंगल बेंच ने चेयरपर्सन की याचिका को खारिज कर दिया। रीना गर्ग ने सिंगल बेंच के फैसले को 9 अगस्त को हाईकोर्ट डबल बेंच में चुनौती दी। 29 अगस्त को डबल बेंच ने निलंबन पर स्टे आर्डर दे दिया।
शहर की सड़कों पर करीब 96 लाख रुपये के पेचवर्क के कार्य को अभी तक शुरू क्यों नहीं किया गया। इस बारे में अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा। एक महीने पहले यह काम शुरू होना चाहिए था। काम में देरी होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
- रीना गर्ग, चेयरपर्सन, नगर पालिका, महेंद्रगढ़