भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह और नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव ने शनिवार को कोजिंदा, मंढाना, खानपुर, ढाणी बाठोठा, कांवी, मुरारपुर, मांदी, नांगल शालू व कारोता आदि गांवों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनी। साथ ही उन्होंने गांवों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों से उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराने को कहा।
इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि हलके में बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इस मौके पर नारनौल विधायक ने कोजिंदा व मंढाणा गांव में पीने के पानी के लिए दो-दो बोर को भी मंजूरी दी। उन्होंने बताया कि कोजिंदा गांव में 33 केवी का सब स्टेशन व 6.5 करोड़ की लागत से पानी की योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है, जिस पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार ने दक्षिण हरियाणा के लिए तीन हजार करोड़ की लागत से नई नहर का निर्माण जल्द करवाने का फैसला लिया है। जिससे इस इलाके की पानी की समस्या हल होगी। इसके अलावा पानी के लिए प्रदेश सरकार ने 143 करोड़ रुपए की जो राशि मंजूर की है उसका काम शुरू हो चुका है। जिला महेंद्रगढ़ एनसीआर में शामिल है।
सरकार से मांग करके एनसीआर की फिर से सर्वे करने की मांग की ताकि क्षेत्र का रुका हुआ पैसा मिल सके। इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद और विधायक के सामने बिजली व पानी संबंधी समस्याएं रखी। जिस सांसद व विधायक ने मौके पर ही संबधित अधिकारियों से बात कर समस्या का निवारण किया। इसके अलावा उन्होंने गांवों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा भी लिया। वहीं विकास कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले ग्रामीणों ने सांसद धर्मबीर, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर नांगल चौधरी विधायक डॉ. अभय सिंह यादव, बीजेपी के जिला प्रधान शिव कुमार महता, नारनौल ब्लाक समिति चेयरमैन रवींद्र कुमार, अजीत सिंह, रोहताश चेयरमैन, पवन पूर्व पार्षद, बहादुर सरपंच, राजेश जिला पार्षद, हवा सिंह, संसार सिंह, राजकुमार हाजीपुर आदि मौजूद थे।