नारनौल। सोमवार दोपहर नागरिक अस्पातल में गांव कपूरी निवासी प्रसूता का प्रसव गायनी वार्ड में बने लेबर रूम के द्वार पर ही हो गया। नवजात के सिर में चोट लगने से उसे एसएनसीयू में भर्ती किया गया। इसी तरह खानपुर निवासी गुलशन को सुबह 7 बजे भर्ती किया गया और लगातार प्रसव पीड़ा के बावजूद 10 घंटे बाद सिजेरियन डिलीवरी की गई। दोनों पीडि़ताओं ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
प्रसूता नीलम ने बताया कि वह दर्द से कराह रही थीं लेकिन चिकित्सकों ने कुछ देर रुकने व टहलने की बात कही। जैसे ही वॉशरूम से बाहर निकल लेबर रूम के द्वार के पास पहुंचते ही डिलीवरी हो गई। बच्चे के सिर में चोट लग गई। आनन-फानन में स्टाफ ने बच्चे को एसएनसीयू में शिफ्ट किया और परिजनों को बताया कि बेटा हुआ है लेकिन एसएनसीयू में भर्ती करवाते समय परिजनों को जानकारी मिली कि लड़की हुई है।
हंगामा करने के बाद किया ऑपरेशन
खानपुर निवासी गुलशन ने बताया कि उन्हें करीब 7 बजे गायनी वार्ड में भर्ती किया गया था। शाम करीब 4 बजे तक उन्हें लेबर रूम में रखा गया और जब हालत बिगड़ने लगी तो कहा गया कि निजी अस्पताल में ले जाओ। परिजनों ने हंगामा कर दिया तो तब जाकर सिजेरियन डिलीवरी की गई। जहां उन्होंने बच्ची को जन्म दिया।
रामकरण दास कॉलोनी निवासी सबीना ने बताया कि वह अपनी परिवार की महिला को गायनी वार्ड में उपचार के लिए लाई थीं। इस दौरान नीलम व गुलशन के साथ हुई घटना से काफी दुख हुआ। मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। कार्रवाई न करने पर प्रदर्शन किया जाएगा।
गायनी वार्ड में छत से टपकता है पानी
नागरिक अस्पताल के पुराने भवन में गायनी वार्ड संचालित है। वार्ड की छत से पानी फर्श पर टपकता रहता है। पुराने भवन की मरम्मत का कार्य करीब एक साल से किया जा रहा है लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं किया जा सका है।
वर्जन
गायनी वार्ड में हुई घटना का मामला संज्ञान में आया है और लिखित शिकायत भी प्राप्त हुई है। संबंधित स्टाफ से पूछताछ कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं गायनी वार्ड सहित पुराने भवन की मरम्मत का कार्य पीडब्ल्यूडी की ओर से किया जा रहा है। मरम्मत कार्य जल्द पूरा करवाने के लिए पीडब्ल्यूडी को कई बार अवगत करवाया जा चुका है।
डॉ. आशा शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, नागरिक अस्पताल, नारनौल।
फोटो नंबर- 10नीलम, गांव- कपूरी- फोटो : Archive
फोटो नंबर- 10नीलम, गांव- कपूरी- फोटो : Archive
फोटो नंबर- 10नीलम, गांव- कपूरी- फोटो : Archive