आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के 2 साल पूरे होने पर मंगलवार सायं आरोग्य मंथन 2.0 कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ। नई दिल्ली से वेब पोर्टल के माध्यम से 3 दिन चलने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन थे। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री अश्वनी कुमार विशेष तौर पर उपस्थित थे।
जिला सूचना प्रबंधक उमेश सैनी ने बताया कि कार्यक्रम 25 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान योजना से जुड़े कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कोरोना वैश्विक महामारी को देखते हुए कार्यक्रम वेब पोर्टल व अन्य माध्यमों से प्रकाशित किया जाएगा। कार्यक्रम को देखने व भाग लेने के लिए इस योजना की वेब साइट पीएमजेएवाई डॉट जीओवी डॉट इन पर रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक जारी किया गया है। योजना के दो साल पूरे होने पर उप सिविल सर्जन (आयुष्मान भारत) डॉ. धर्मेश कुमार सैनी ने जिले की उपलब्धियों को बताया। सैनी ने बताया कि अब तक जिले में 90 हजार से अधिक लोगों के गोल्डन कार्ड बनाये जा चुके हैं। जिला महेंद्रगढ़ ने लगभग 42 प्रतिशत लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाकर राज्य में प्रथम स्थान पर चल रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में विभिन्न इलाज सुविधाओं के लिए 11 अस्पताल योजना के पैनल पर हैं। कुछ अन्य अस्पतालों को भी पैनल पर करने की प्रक्रिया विभाग द्वारा जारी है। अभी तक 1108 लाभार्थियों को 47,79,760 रुपये का लाभ दिया जा चुका है। उप नागरिक अस्पताल नारनौल में 102 लाभार्थियों को 1,65,880 रुपये का लाभ दिया जा चुका है। कोरोना महामारी के भी 707 लाभार्थियों का स्क्रीनिंग एवं कंफ्रमेटरी टेस्ट किया जा चुका है। 54 लोगों ने अस्पताल में दाखिल हो कोरोना महामारी का उपचार लिया है। कोरोना संक्रमितों के जॉच व ईलाज दिलवाने में भी जिला प्रथम स्थान पर है। जिला महेंद्रगढ़ ने गैर कानूनी तरीके से गोल्डन कार्ड बनाने वाले गिरोह का भी पर्दाफाश कर किसी भी तरीके से फ्रॉड पर लगाम लगाने में भी एकमात्र जिला है। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना बहुत ही लाभकारी योजना है। एसईसीसी 2011 के लाभार्थियों को योजना में सम्मलित किया गया है। जिले में 1,62005 ग्रामीण व 46,153 शहरी लाभार्थी है। उन्होंने अस्पतालों से योजना में जुड़ने का आहवान किया।
यहां बनवा सकते हैं आयुष्मान भारत योजना के कार्ड
डॉ. धर्मेश कुमार सैनी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में शामिल होने के लिए जिला में नागरिक अस्पताल नारनौल उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ, योजना के पैनल से जुडे़ निजी अस्पतालों व कामॅन सर्विस सैंटरों से आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी कार्ड बनवाये जा सकते हैं।
जिले में ये 11 अस्पताल हैं इस योजना के पैनल पर
विजय अस्पताल नारनौल, सवेंदना अस्पताल नारनौल, शांति अस्पताल नारनौल, सिंगला अस्पताल नारनौल, हेमंत अस्पताल नारनौल, इमरान ईएनटी अस्पताल नारनौल, गोयल नेत्र चिकित्साल्य नारनौल, कृष्णा आई अस्पताल नारनौल, कृष्णा ऑई अस्पताल महेंद्रगढ़, बंसल आई केयर महेंद्रगढ़, गंगा देवी पांडेय अस्पताल महेंद्रगढ़ पैनल पर है।