फोटो संख्या:74- नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में दवाई लेते मरीज---संवाद
महेंद्रगढ़। ठंड बढ़ते ही महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल में खांसी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। प्रतिदिन 80 से अधिक लोग खांसी क उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्सकों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव और ठंडी हवा के कारण लोगों में खांसी की समस्या अधिक देखने को मिल रही है। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और पहले से अस्थमा या सांस संबंधी बीमारी से ग्रस्त मरीज इस मौसम में अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
लोगों को सूखी व बलगम वाली खांसी की शिकायत हो रही है। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंदीप शर्मा ने बताया कि अधिकतर मरीज समय पर सावधानी नहीं बरत रहे हैं।
सुबह-शाम ठंडी हवा में बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना, ठंडा पानी पीना और बदलते मौसम में खान-पान का ध्यान न रखना खांसी की समस्या को बढ़ा रहा है। इसके अलावा धूल और धुएं के संपर्क में आने से भी श्वसन संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं।
चिकित्सक डॉ. मंदीप ने बताया कि लोग सर्दी के मौसम में अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। नियमित रूप से हाथ धोना, मास्क का प्रयोग करना और पर्याप्त आराम करना जरूरी है। खांसी होने पर गुनगुने पानी का प्रयोग करें। सुबह घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनें।