नारनौल। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को आईटीआई मैदान से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक योग मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें विधायक ओम प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उनके साथ उपायुक्त अनुपमा अंजली मौजूद थी। योग मैराथन में गांव नांगल सोडा का मोनू और लड़कियों में गुंजन अव्वल रहीं।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी, अधिकारियों-कर्मचारियों व आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जयवीर धनखड़, करण सिंह व करण कुमार ने भी बच्चों को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की खेल नीति सबसे अच्छी खेल नीति है।
डॉ. कृष्ण आर्य ने हरियाणवी गीत के माध्यम से योग का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक दीपक व एसडीएम अनिरुद्ध यादव ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम तक दौड़ लगाई। इस मौके पर बीजेपी के जिलाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, उपाध्यक्ष वासुदेव यादव, पूर्व चेयरमैन जेपी सैनी आदि मौजूद रहे।
मैराथन में इन्होंने मारी बाजी
21 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में मैराथन दौड़ में गांव नांगल सोडा का मोनू प्रथम, बलाना का अंकित द्वितीय व गावड़ी जाट का सचिन तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार 21 वर्ष से कम आयु वर्ग लड़के में महेंद्रगढ़ का केशव प्रथम, गांव बारडा का गौरव द्वितीय व कांवी का मोहित तृतीय स्थान पर रहा।
इसी प्रकार 21 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग लड़की मैराथन दौड़ में जूडो नर्सरी से गुंजन प्रथम, जागृति द्वितीय व दिव्या तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार 21 वर्ष से कम आयु वर्ग लड़की मैराथन दौड़ में गांव बलाना से पूनम प्रथम, कांवी से कोमल द्वितीय व गुवानी से ईशानी तृतीय स्थान पर रहीं।