फोटो नंबर- 16नारनौल स्थित आईटीआई में बरामदे की छत पर बैठे बंदर। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
नारनौल। शहर के प्रत्येक वार्ड और बाजार में इस समय बंदरों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। यहां तक की शिक्षण संस्थानों, बाजारों और सरकारी कार्यालयों में भी बंदरों की आवाजाही बनी रहती है।
बंदर झुंड में खाने की तलाश में एक जगह से दूसरी जगह चक्कर काटते रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। बंदरों की वजह से क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी नगर परिषद अब तक बंदरों को पकड़ने का टेंडर जारी नहीं किया है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बंदर झुंड में घूमते हैं और कई बार तो बंदर खिड़की के रास्ते क्लास रूम में भी प्रवेश कर जाते हैं। कुछ माह पहले आईटीआई में बने बूस्टिंग स्टेशन पर कार्यरत दो कर्मचारियों पर भी बंदरों ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। जिसके बाद जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा अपने स्तर पर बंदरों को पकड़ कर दूसरे स्थान पर छोड़ा था लेकिन अब फिर से बंदरों की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है।
वर्जन :
बंदरों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। बंदरों को पकड़ने के लिए नगर परिषद को कई बार अवगत करवाया गया है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया है।-विनोद खनगवाल, प्राचार्य, आईटीआई, नारनौल।
वर्जन :
बंदर वन्य जीव की श्रेणी में आते हैं। इसलिए टेंडर जारी करने में कुछ तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब समस्याओं को दूर कर लिया गया है। उम्मीद है एक माह में बंदरों को पकड़ने के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
कमलेश सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद,नारनौल।