फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पैसे नहीं मिला तो लोगों ने किया नेशनल हाइवे को जाम

Wed, 30 Nov 2016 12:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
उपभोक्ताओं ने किया सड़क जाम
विज्ञापन
बैंक से पैसे न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे रेवाड़ी-झुंझुनूं नेशनल हाइवे को बस स्टैंड से थोड़ा आगे स्थित एसबीआई बैंक के सामने जाम लगा दिया। जाम करीब पौने घंटे तक रहा। जिसके कारण इस मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। वहीं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना भी करना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचे एसएचओ ने जाम लगाने वाले को समझाबुझाकर जाम खुलवा दिया।
विज्ञापन

बैंकों में पैसों को लेकर मारामारी समाप्त नहीं हुई है। रेवाड़ी रोड स्थित एसबीआई बैंक में पैसों के लिए उपभोक्ताओं की लाइन सुबह से शाम तक लगी रहती है, मगर उपभोक्ताओं को पैसे नहीं मिल रहे। मंगलवार सुबह भी उपभोक्ताओं की लाइन बैंक खुलने से पूर्व ही सुबह आठ बजे से लग गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि बैंक खुलने के बाद अनेक उपभोक्ताओं को नंबर के टोकन भी दे दिए गए। मगर बाद में जब बैंक के अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने उपभोक्ताओं को पैसे देने से मना कर दिया। लोगों ने इसकी जानकारी बैंक अधिकारियों से मांगी तो पता चला कि बैंक में कैश ही नहीं है। इसलिए उनको कैश नहीं दिया जाएगा। जिसके कारण उपभोक्ता नाराज हो गए तथा उन्होंने नेशनल हाइवे को जाम कर दिया। जाम सुबह करीब साढ़े नौ बजे लगा जो सवा दस बजे तक चला। नेशनल हाइवे पर 45 मिनट जाम रहने के कारण इस अति व्यस्त मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
-पहले दिए टोकन, फिर कहा नहीं है पैसे
जाम लगाने वाले उपभोक्ताओं का कहना था कि बैंक कर्मियों ने पहले तो उन्हें टोकन दे दिया। टोकन देने के बाद वे लाइन में खड़े हो गए। जब साढ़े नौ बजे कुछ लोग अंदर गए तो उनको कैश नहीं होने की बात कही। जिसके कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
विज्ञापन

सुबह पांच बजे से लगे थे कई लाइन में
बैंक के बाहर खड़े कई लोगों ने बताया कि वे सुबह पांच बजे से लाइन में आकर लग गए थे। पांच घंटे लाइन में खड़े होने के बाद उनको पैसे न होने की जानकारी दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं में बैंक कर्मियों के प्रति रोष पनप गया।
नहीं चस्पाई गई थी कोई सूचना
लोगों का कहना था कि बैंक कर्मचारियों द्वारा कोई भी सूचना नहीं चस्पाई गई थी। यदि कैश नहीं था तो बैंक के कर्मचारी बैंक के बाहर कैश नहीं होने का नोटिस लगा देते, ताकि उपभोक्ता सुबह-सुबह आकर लाइन में तो नहीं लगते।
नहीं माने चौकी प्रभारी से, आए एसएचओ
बाद में जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे महावीर चौकी इंचार्ज नवल किशोर ने लोगों को समझाया, मगर लोग नहीं माने। उन्होंने लोगों से कहा कि उन्होंने बैंक प्रबंधक से बात की है तथा प्रबंधक कैश नहीं होने की बात कह रहा है। मगर लोगों ने उनकी एक न सुनी। बाद में सवा दस बजे मौके पर पहुंचे एसएचओ साधूराम ने लोगों को समझाया कि जब कैश ही नहीं है तो लोगों को कहां से बांट दे। उन्होंने कहा कि बैंक दो लाख रुपये की राशि एटीएम में डालेगा। इसके बाद आप एटीएम से पैसे निकलवा लें। जिसके बाद लोगों ने जाम हटा दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें