नारनौल। लघु सचिवालय में शुक्रवार को हुई जन परिवेदना एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग की सबसे अधिक शिकायतें आने पर सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा व उपायुक्त कैप्टन मनोज नाराज हो गए। मंत्री ने डीसी से जनस्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को नोटिस भेजने की बात कही। साथ ही जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर निलंबित करने की बात कही।
उपायुक्त ने एक माह में शिकायत का निवारण नहीं होने पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसई को फटकारा। उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि आपका सबसे नकारा महकमा है।
मंत्री अरविंद शर्मा ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसई से कहा कि क्या आपके अधिकारी आपकी नहीं सुनते हैं। इस पर एसई ने कुछ भी जवाब नहीं दिया। इस पर डीसी ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के सभी अधिकारियों को मंच के सामने ही बुला लिया।
मंत्री अरविंद शर्मा ने डीसी को कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को आप नोटिस भेजो। अगर आप संतुष्ट नहीं होते हैं तो सस्पेंड कर दें। इसके अलावा नगर परिषद की भी शिकायत ज्यादा आने पर डीएमसी को भी नोटिस देने की बात कही। इस बैठक में पहले से ही निर्धारित 11 मामलों की सुनवाई की गई।
इसके अलावा 35 अन्य मामले भी सुनवाई के लिए रखे गए। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार तथा पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने मंत्री का आगमन पर स्वागत किया। इस मौके पर नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी, बीजेपी के जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव, जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
बिजली की हाई टेंशन लाइनों के संबंध में आई शिकायत पर मंत्री ने नागरिकों को जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देश अनुसार जिला महेंद्रगढ़ में 131 हाई टेंशन लाइनों को घरों के ऊपर से हटाया जाएगा। इसका टेंडर हो चुका है जल्द कार्य शुरू होगा। इससे पहले अब तक जिला में 41 ऐसी लाइनें बिजली निगम द्वारा हटाई जा चुकी है।
खेतों में बारिश का पानी भरे होने का मुद्दा उठा
बैठक में ढाणी किरारोद में खेतों से बारिश का पानी नहीं निकालने का मुद्दा छाया रहा। ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य ने कहा कि गांव ढाणी किरोरद में करीब 200 एकड़ में बारिश का पानी अभी भरा हुआ है। पहले बाजरे की फसल खराब हो चुकी है। अब रबी की फसल की भी बिजाई नहीं कर सकते हैं। इसको लेकर उपायुक्त ने डीआरओ को भी जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट सही मिलने पर उपायुक्त ने खेतों का पानी नहर में डालने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा था लेकिन इसके बाद भी जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से नहर में पानी नहीं डाला गया। जब ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य ने यह मुद्दा उठाया तो उपायुक्त ने एसई से पूछा की अब तक खेतों से पानी नहर में नहीं छोड़ा गया है। इस पर उपायुक्त भी नाराज दिखाई दिए।
अतिक्रमण व जलभराव की शिकायत लेकर पहुंचे लोग
वार्ड नंबर 21 की नई कॉलोनी जमालपुर में टावर वाली गली में अतिक्रमण व जलभराव की समस्या की शिकायत लेकर लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति जान बूझकर पानी छोड़ रहा है, जिसकी वजह से सभी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मंत्री ने जल्द समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया। इसके अलावा मोतीनगर में सीवर लाइन की समस्या को लेकर मंत्री को शिकायत की।
खासपुर के खेल मैदान की जांच करवाने की मांग:
खासपुर के पीएम श्री स्कूल में बने खेल मैदान व स्कूल पेंटिंग पर हुए खर्च की जांच करवाने की मांग की। शिकायतकर्ता रामदेव ने बजट का दुरुपयोग हुआ है, उसकी जांच होनी चाहिए। इस पर शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त ने कहा कि इसको लेकर सभी जांच करवा ली गई हैं। जांच में कोई खामी नहीं मिली है। खेल मैदान व पेंटिंग पर हुए खर्च के सभी बिल जीएसटी के साथ है।