नारनौल। नगर परिषद हाउस की करीब आठ महीने बाद शुक्रवार को हुई बैठक हंगामा के चलते स्थगित हो गई। प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी समेत अन्य मुद्दों को लेकर पार्षदों और ईओ के बीच नोकझोंक के बाद पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया।
बैठक की अध्यक्षता नप की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने की। ईओ सुशील कुमार, एक्सईएन मोनिका शर्मा, एमई सोहन सिंह सहित नप उपप्रधान संजय यादव व लगभग सभी पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पार्षदों के बीच करीब 11 एजेंडों पर चर्चा कर उन्हें पास करना था।
एजेंडों व विकास कार्यों पर चर्चा से पहले करीब डेढ़ घंटे तक पार्षदों व अधिकारियों के बीच प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी को लेकर बहन होती रही। पार्षदों का कहना था कि शहर के अंदर लोगों की प्रॉपर्टी आईडी में बहुत खामियां और नप के चक्कर लगा-लगा कर दुखी हो चुके हैं, जिनका कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।
पार्षद अजय सिंघल ने कहा कि लाल डोरे में जिन लोगों के मकान है, उनके भी बहुत ज्यादा पैसे लग कर आ रहे हैं। पार्षदों ने बताया कि बहुत सी जगह ऐसी है जिसके आसपास की जगह मंजूर है और बीच जगह नामंजूर दिखाई गई है। पार्षदों ने बताया कि इन खामियों के कारण नगर परिषद की आय में भी व्यवधान आ रहा है।
उन्होंने बताया कि आईडी ठीक नहीं होने के कारण लोग हाउस टैक्स भर ही नहीं रहे हैं। इसलिए इस समस्या को जल्द ठीक करवाया जाए। इस बारे में जवाब देते हुए नप के ईओ सुशील कुमार ने बताया कि इसमें सबसे बड़ी दिक्कत आ रही है उसका कारण शहर की चकबंदी ठीक से नहीं होना है। ईओ ने बताया कि इसे लेकर फिर से सर्वे करवाया जाएगा और वार्ड पार्षदों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
बैठक में जैसे ही नप के आय-व्यय व अन्य विकास कार्यों पर चर्चा हुई तो इसको लेकर पार्षद व ईओ के बीच जबरदस्त नोकझोंक हो गई। दोनों के बीच गहमी-गहमी इतनी बढ़ गई बात तू तड़ाके पर उतर आई।
पार्षद मोहनलाल ने कहा कि ईओ साहब को यहां नप के बारे में पूरी तरह जानकारी ही नहीं है और वे केवल अपनी बातों में हमें उलझाकर एजेंडे पास करवाना चाहते हैं। बात ज्यादा बढ़ती देख पार्षद बैठक का बहिष्कार करते हुए बाहर आ गए। अब आठ महीने के बाद हुई बैठक भी बगैर किसी नतीजे के हंगामे के बीच अधर में रहा गई।