नारनौल। वीरवार शाम को मुख्यालय से आई उच्च अधिकारियों की टीम ने नांगल चौधरी क्षेत्र अवैध खनन से जुड़े संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। नारनौल के पास बिना बिल डस्ट ले जाते एक ट्रक को पकड़ लिया।
24 घंटों से चल रहे निरीक्षण के दौरान राज्य भू-वैज्ञानिक दीपक हुड्डा, खनन अभियंता राजेश सांगवान, खनन अधिकारी ओमदत शर्मा व जिला के अधिकारियों के दल ने संयुक्त रूप से नांगल चौधरी क्षेत्र का निरीक्षण किया। टीम ने गांव बापडोली, महरमपुर, मांदी, जैनपुर, पांचनौता, बायल, सहबाजपुर व डिगरोता आदि स्थानों का निरीक्षण किया।
इसके अतिरिक्त 238 खनिज से भरे वाहनों का निरीक्षण विभिन्न रास्तों पर किया। इस दौरान एक ट्रक बिना बिल अवैध रूप से डस्ट ले जाते को पकड़ कर पुलिस इंफोर्समेंट ब्यूरो के हवाले कर कार्रवाई के आदेश दिए।
वहीं मुख्यालय से आए उच्च अधिकारियों ने लौह अयस्क अवैध खनन के मामले में अति संवेदनसील गांव जैनपुर का भी विस्तृत निरीक्षण किया। मौके पर ही राज्य भूवैज्ञानिक दीपक हुड्डा ने महानिदेशक खनन विभाग को दूरभाष पर लौह अयस्क की जानकारी दी एवं विभाग द्वारा की गई उचित कानूनी कार्यवाही के बारे में अवगत करवाया। महानिदेशक के आदेशानुसार उपायुक्त डॉ. विवेक भारती से भी टीम ने विस्तार से निरीक्षण बारे बैठक कर सूचित किया। साथ ही परामर्श करते हुए स्थानीय प्रशासन के विभिन्न विभागों की उपायुक्त द्वारा गठित संयुक्त टीम के कार्य की सराहना की।
बाॅक्स:
जनवरी से अब तक 28 मुकदमें दर्ज, 37 वाहन पकड़े
मुख्यालय से आई टीम ने सहायक खनन अभियंता डॉ. राजेश कुमार से अब तक अवैध खनन को रोकने के किए गए प्रयासों व की गई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी ली। डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जनवरी से अब तक उनके द्वारा कुल 28 मुकदमें दर्ज करवाए गए हैं व 37 वाहन अवैध खनन में संलिप्तता के चलते पकड़े हैं। जिनमें 7 वाहनों से लगभग 25.88 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है। वहीं जैनपुर व छापड़ा बीबीपुर में लौह अयस्क की चोरी करते दो जेसीबी व दो ट्रक पकड़े। इनसे 19.40 लाख रुपये जुर्माना व लाॅयल्टी वसूली। इस दौरान 15-20 के खिलाफ मामले भी दर्ज कराए गए।