कनीना। मिड-डे मील कार्यकर्ता यूनियन हरियाणा संबंधित एआईयूटीयूसी की बैठक शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में ब्लॉक प्रधान सुमित्रा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव संतोष यादव ने किया। इसमें 26 अक्तूबर को नांदल भवन, बोहर (रोहतक) में होने वाली किसान-मजदूर-छात्र-युवा एवं महिला महापंचायत में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निर्णय लिया गया।
बैठक में एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सूबे सिंह और मुकेश कुमार यादव ने कहा कि मिड-डे मील कुक कम हेल्पर्स सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। इसके बावजूद उन्हें बहुत कम मानदेय मिलता है। महंगाई के दौर में इतने कम पैसों में परिवार चलाना मुश्किल है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को न सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिला है और न ही श्रमिक का। उन्हें न्यूनतम वेतन का लाभ भी नहीं मिल रहा। महापंचायत में सभी स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, तब तक श्रमिक का दर्जा और न्यूनतम वेतन लागू करने तथा चारों लेबर कोड रद्द करने की मांग उठाई जाएगी।
इसके अलावा 12 महीने का मानदेय, सालाना 6,000 रुपये वर्दी भत्ता और पेंशन योजना का लाभ देने की मांग भी रखी जाएगी। बैठक में राजवंती, स्नेहलता, कमलेश, मनीषा, निशा, कौशल्या, शारदा, सुनीता, बाला, रेखा, शीला, माया, ज्योति, कुसुमलता और सरिता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।