जिला रेडक्रास समिति आगामी 23 से 27 फरवरी तक जिले के विभिन्न स्थानों पर विकलांग नागरिकों की पहचान और मापतौल का कैंप लगाएगी। इसके बाद इस पहचान के अनुसार उन्हें कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
जिला रेडक्रास समिति के सचिव मनोरंजन शर्मा ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम मोहाली द्वारा शारीरिक रूप से विकलांग नागरिकों की सहायता के लिए इन कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। इन कैंप में उनकी पहचान तथा उनकी जरूरत के अनुसार दिए जाने वाले कृत्रिम व सहायक अंगों का साइज लिया जाएगा। इस दौरान विकलांगों को दो फोटो जिसमें विकलांगता दिखाई दे, विकलांग प्रमाण-पत्र, रिहायशी प्रमाण-पत्र, सरपंच अथवा पटवारी से बना हुआ आय प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। इसके बाद इन विकलांगों को निकट भविष्य में होने वाले कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित करने का कैंप लगाया जाएगा। उन्होंने विकलांगों से आह्वान किया कि जिन्होंने मई 2015 में आयोजित कैंपों में पहचान व माप-तोल करवा लिया था वे इस कैंप में न आएं। उनका पहले ही इसके लिए रजिस्ट्रेशन हो चुका है उन्हें कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरण कैंप में बुलाया जाएगा।
शर्मा ने बताया कि 23 फरवरी को सामान्य अस्पताल कनीना, 24 को सामान्य अस्पताल महेंद्रगढ़, 25 को सामान्य अस्पताल अटेली, 26 को सामान्य अस्पताल नांगल चौधरी तथा 27 को सामान्य अस्पताल नारनौल में सुबह 9.30 से 3 बजे तक कैंप लगाया जाएगा।